Gaya Bodhgaya Road Safety : गया-बोधगया क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को रोकने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई.
बैठक में सदर एसडीओ, डीटीओ, एनएचएआई के कार्यपालक अभियंता, बोधगया व यातायात डीएसपी, आईआईएम और मगध विश्वविद्यालय (MU) के अधिकारियों समेत कई प्रशासनिक अफसर शामिल हुए.
एमयू और आईआईएम के पास 7 दिनों में जगमगाएंगी लाइटें, बैरियर भी लगेंगे
डीएम ने एनएचएआई को निर्देश दिया कि मगध विश्वविद्यालय के पास सर्विस लेन और आईआईएम अंडरपास में अगले 7 दिनों के भीतर लाइट की बेहतर व्यवस्था करें. अंधेरा रहने के कारण पैदल चलने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है और हादसों का खतरा बना रहता है.
इसके अलावा पटना-डोभी मुख्य मार्ग के सभी डार्क स्पॉट पर बिजली के पोल और लाइट लगाने के निर्देश दिए गए. वहीं आईआईएम के पीछे वाले रास्ते से भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए मजबूत बैरियर लगाने को कहा गया है.
मगध यूनिवर्सिटी, आईआईएम समेत 5 जगहों पर बनेगा फुट ओवरब्रिज
मगध विश्वविद्यालय और आईआईएम बोधगया के पास छात्रों की बड़ी संख्या को देखते हुए फुट ओवरब्रिज (FOB) बनाने का निर्णय लिया गया. इसके लिए एनएचएआई को तुरंत प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए.
इसके अलावा पूर्व में हुए हादसों को देखते हुए नावां, मटिहानी और सहदेवखाप में भी ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है.
अवैध कट होंगे बंद, वाहनों की स्पीड कंट्रोल के लिए लगेंगे रंबल स्ट्रिप
मुख्य सड़क पर अचानक वाहनों के आने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी अवैध कट और शॉर्टकट रास्तों को तुरंत बंद करने का आदेश दिया गया है. इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों के पास गाड़ियों की रफ्तार धीमी रखने के लिए रंबल स्ट्रिप, स्पीड लिमिट बोर्ड और जिग-जैग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं.
मगध विश्वविद्यालय, आईआईएम बोधगया और फोरलेन पर आए दिन हो रहे हादसों के मुद्दे को 'प्रभात खबर' ने प्रमुखता से उठाया था. खबर का असर यह हुआ कि जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा के कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.
