Gaya Amrit Bharat Express: गया जी और आसपास के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. धनबाद-कोयम्बटूर-धनबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस (Dhanbad-Coimbatore-Dhanbad Weekly Amrit Bharat Express) को रेलवे ने मंजूरी दे दी है. यह ट्रेन गया जंक्शन से होकर चलेगी, जिससे बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों के यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा के लिए सीधा और सुविधाजनक रेल विकल्प मिलेगा. हालांकि, ट्रेन के नियमित परिचालन की तारीख अभी घोषित नहीं की गयी है.
गया से दक्षिण भारत का सफर आसान
धनबाद-कोयम्बटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन से गया का दक्षिण भारत से रेल संपर्क और मजबूत होगा. ट्रेन के जरिए यात्रियों को कोयम्बटूर और दक्षिण भारत के अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंचने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. खासकर नौकरी, कारोबार और शिक्षा के सिलसिले में दक्षिण भारत आने-जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, ट्रेन के परिचालन को मंजूरी मिल चुकी है और यह गया जंक्शन होकर चलेगी. परिचालन की तिथि तय होने के बाद रेलवे की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
सात राज्यों के यात्रियों को फायदा
यह ट्रेन बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है. लंबी दूरी के इस रेल मार्ग पर कई महत्वपूर्ण शहर और औद्योगिक क्षेत्र जुड़े हुए हैं.
गया से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे कनेक्टिविटी का एक और विकल्प मिलेगा. वहीं झारखंड और उत्तर भारत के यात्रियों के लिए भी कोयम्बटूर पहुंचना आसान होगा.
गया समेत इन स्टेशनों पर ठहरेगी
धनबाद से रवाना होने के बाद ट्रेन नेताजी सुभाषचंद्र बोस गोमोह जंक्शन, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा और गया में रुकेगी. इसके बाद अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जाएगी.
आगे ट्रेन मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, बैतूल, नागपुर, चंद्रपुर और बल्हारशाह सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी.
दक्षिण भारत में ट्रेन सिरपुर कागजनगर, मंचेरियल, पेड्डापल्ली, वारंगल, महबूबाबाद, खम्मम, विजयवाड़ा, ओंगोल, नेल्लूर, गुडूर, रेनिगुंटा, तिरुत्तनी, काटपाडी, जोलारपेट, सेलम, इरोड और तिरुप्पुर होते हुए कोयम्बटूर पहुंचेगी.
22 कोच वाली होगी अमृत भारत
प्रस्तावित कोच संरचना के अनुसार ट्रेन में कुल 22 अमृत भारत एलएचबी कोच होंगे. इनमें आठ स्लीपर कोच, 12 द्वितीय साधारण श्रेणी के कोच, एक पेंट्रीकार और एक एसएलआर कोच शामिल होंगे.
स्लीपर और सामान्य श्रेणी के अधिक कोच होने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है.
परिचालन तिथि का अभी इंतजार
रेलवे ने ट्रेन के परिचालन को मंजूरी दे दी है, लेकिन नियमित सेवा शुरू होने की तारीख अभी तय नहीं हुई है. रेलवे की ओर से तारीख घोषित होने के बाद ही यात्रियों को बुकिंग और समय-सारिणी की पूरी जानकारी मिल सकेगी.
गया जंक्शन से इस नई अमृत भारत सेवा के शुरू होने से दक्षिण भारत के साथ रेल कनेक्टिविटी को नया विस्तार मिलने की उम्मीद है.
