डीआरएम की ओर से सोमवार को संरक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. इस समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने धनबाद मंडल के 64 कर्मचारियों को जून और जुलाई 2026 में उत्कृष्ट एवं सतर्कतापूर्ण कार्य के लिए संरक्षा पुरस्कार प्रदान किया.
पुरस्कृत कर्मचारियों ने धनबाद मंडल के विभिन्न रेलखंडों में ड्यूटी के दौरान रेल फ्रैक्चर, हॉट एक्सल सहित अन्य संरक्षा संबंधी असामान्यताओं का समय रहते पता लगाया. उनकी सतर्कता और तत्परता से संभावित बड़ी दुर्घटनाओं को टालने के साथ रेल परिचालन में उत्पन्न होने वाली गंभीर समस्याओं को समय रहते नियंत्रित किया जा सका.
कर्मचारियों की सजगता की हुई सराहना
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने कर्मचारियों की सजगता और उनके जिम्मेदारीपूर्ण कार्य की उच्च प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि रेल परिचालन की सुरक्षा में कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है. इस गरिमामयी समारोह में मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे.
