ऑपरेशन स्पूरियस के तहत कार्रवाई, गया जी में 20 लाख की नकली दवाएं और फिजिशियन सैंपल बरामद

गया जी शहर के मुरारपुर इलाके में जिला औषधि नियंत्रक (ड्रग कंट्रोलर) की टीम ने बुधवार को एक किराये के मकान पर छापेमारी कर करीब 20 लाख रुपये मूल्य की नकली दवाएं और फिजिशियन सैंपल जब्त किए हैं. छह दिनों तक चले इस विशेष 'ऑपरेशन स्पूरियस' अभियान के तहत कई इलाकों में बड़ी कार्रवाई की गई है.

गया जी में जिला औषधि नियंत्रक (ड्रग कंट्रोलर) की टीम ने बुधवार को मुरारपुर (पांच खाने गली) इलाके में एक बड़ी रेड करते हुए करीब 20 लाख रुपये की नकली दवाएं और फिजिशियन सैंपल जब्त किए हैं.

यह पूरी खेप एक किराये के मकान में अवैध रूप से चलाए जा रहे गोदाम में छिपाकर रखी गई थी. इस काले कारोबार का मुख्य सरगना व धंधेबाज लक्ष्मण कुमार मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस और विभाग की टीम लगातार दबिश बना रही है.

जिला औषधि नियंत्रक डॉ. सच्चिदानंद विक्रांत ने बताया कि 'ऑपरेशन स्पूरियस' और 'ऑपरेशन फिजिशियन सैंपल' के तहत यह कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही. इससे पहले मंगलवार को टीम ने अरुण कुमार के मकान में किराये पर रह रहे लक्ष्मण कुमार के इस संदिग्ध गोदाम को सील कर दिया था. बुधवार को जब प्रशासनिक और पुलिस बल की मौजूदगी में इस सील गोदाम को दोबारा खोला गया, तो अंदर से भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद हुईं.

जब्त की गई प्रमुख दवाएं

छापेमारी के दौरान विभाग द्वारा बरामद की गई महंगी और रोजमर्रा के इस्तेमाल वाली प्रमुख दवाओं में शामिल हैं:

  • ड्रॉपिझीन (Dropizine)
  • कोफॉरेस्ट-पीडी (Koforest-PD)
  • मल्टी विटामिन व मल्टी मिनरल (A to Z)
  • थॉयरॉक्स-75 व 100 (Thyrox-75 & 100)
  • क्लिड जेल (Cleid Gel)
  • सिफेलो-ओएलबी (Cefalo-OLB)
  • स्टोरोजेल-ओ (Storogel-O)

छह दिनों तक चले विशेष अभियान का समापन, आगे भी जारी रहेगी सख्ती

डॉ. विक्रांत (ADC) ने स्पष्ट किया कि मुरारपुर की इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही जिले में पिछले छह दिनों से चल रहा विशेष महाभियान बुधवार को संपन्न हो गया.

इन छह दिनों के भीतर ड्रग विभाग की टीम ने मानपुर, बोधगया और गया शहर के विभिन्न संदेस्पद ठिकानों पर सघन छापेमारी की. इस विशेष अभियान के दौरान भारी मात्रा में नकली दवाएं, गैर-कानूनी तरीके से बाजार में बेचे जा रहे फिजिशियन सैंपल और प्रतिबंधित 'ऑक्सीटोसिन' इंजेक्शन बरामद किए गए हैं.

ड्रग विभाग ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि भले ही यह विशेष अभियान अभी समाप्त हो गया हो, लेकिन जिले में नकली दवाओं और प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ विभाग की यह 'सर्जिकल स्ट्राइक' आगे भी लगातार जारी रहेगी.

इस पूरी हाई-प्रोफाइल कार्रवाई में ड्रग इंस्पेक्टर (DI) क्यूमउद्दीन अंसारी, अजय कुमार सिंह, संजीव कुमार और ईशु भारद्वाज के साथ-साथ स्थानीय थाने के पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी के साथ शामिल रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Roshan kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >