टनकुप्पा में वज्रपात से मवेशी चरा रहे वृद्ध की मौत, पेड़ के नीचे खड़े होने के दौरान गिरी आकाशीय बिजली

Gaya Ji News : गया के टनकुप्पा प्रखंड में गुरुवार सुबह वज्रपात की दर्दनाक घटना हुई. मवेशी चरा रहे 60 वर्षीय चन्देशर यादव की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई. ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है.

Gaya Ji News : टनकुप्पा प्रखंड क्षेत्र के भेटौरा गांव में गुरुवार की सुबह वज्रपात की दर्दनाक घटना में एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

मवेशी चराने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, भेटौरा गांव निवासी 60 वर्षीय चन्देशर यादव रोज की तरह गांव से बाहर बधार में मवेशी चरा रहे थे. इसी दौरान तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए वह पास में स्थित एक खजूर के पेड़ के नीचे खड़े हो गए. तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

महिला भी हुई घायल, अस्पताल में कराया गया इलाज

वज्रपात की घटना में उनके साथ मौजूद 55 वर्षीय लक्ष्मीनियां देवी भी घायल हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने चन्देशर यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई.

परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

चन्देशर यादव की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी भावुक हो उठे. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

मुआवजे की मांग, लोगों से सतर्क रहने की अपील

ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही लोगों से अपील की कि मौसम खराब होने, तेज बारिश या वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण न लें. ऐसे समय सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल का ही उपयोग करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

Also Read : पोक्सो मामले के आरोपी को हाईकोर्ट से जमानत, जानलेवा हमले के दो आरोपितों को भी मिली राहत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dharampal singh tankuppa

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >