गया रेलवे अस्पताल की सुविधाएं सुधारने की मांग, रेलवे कर्मचारी यूनियन ने PCMD को सौंपा ज्ञापन

Gaya Railway Hospital : ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन ने प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक को गया रेलवे अस्पताल की सुविधाओं में सुधार के लिए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है. यूनियन ने रिक्त पदों को भरने, एक्स-रे और पैथोलॉजी सेवाओं के आधुनिकीकरण की मांग की है.

Gaya Railway Hospital : ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन शाखा ने मंगलवार को प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक (PCMD), पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के गया दौरे के दौरान सब-डिविजनल रेलवे हॉस्पिटल (SDRH), गया की स्वास्थ्य सुविधाओं में व्यापक सुधार की मांग को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन केंद्रीय कोषाध्यक्ष कॉमरेड मिथलेश कुमार, शाखा सचिव कॉमरेड मुकेश सिंह, शाखा अध्यक्ष कॉमरेड लक्ष्मण प्रसाद व अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में सौंपा गया.

अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के सुधार की प्रमुख मांगें

ज्ञापन में अस्पताल में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को शीघ्र भरने, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग तथा ऑपरेशन थिएटर को सुदृढ़ करने, बंद पड़ी एक्स-रे सेवा को पुनः शुरू करने और डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने की मांग की गयी.

इसके अलावा दंत चिकित्सा विभाग को नियमित रूप से संचालित करने, पैथोलॉजी एवं अन्य डायग्नोस्टिक सुविधाओं के आधुनिकीकरण, रेफरल प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने, सभी वार्डों एवं कार्यालयों में एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था तथा आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग उठायी गयी.

कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता

यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि एसडीआरएच, गया हजारों रेल कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके आश्रितों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है. वर्तमान में विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक उपकरणों और संसाधनों की कमी के कारण मरीजों को बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है.

उन्होंने कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होती है तो अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और कर्मचारियों व उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.

प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक का सकारात्मक आश्वासन

प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक ने ज्ञापन प्राप्त कर सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.

आधुनिक एवं सुविधासंपन्न स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकास की उम्मीद

उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन कर्मचारियों एवं पेंशनरों के हित में सकारात्मक निर्णय लेकर SDRH, गया को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करेगा.

Also Read : गया में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, CCTV फुटेज से नकाबपोशों की तलाश में जुटी पुलिस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rohit kumar singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >