गया जी में नकली और अवैध दवा के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध लगातार छापेमारी औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से की जा रही है. लगातार पांचवें दिन मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के मुरारपुर मोहल्ले के एक मकान में बने दवा गोदाम में छापेमारी की गयी.
इस गोदाम के मालिक लक्ष्मण कुमार के यहां से करीब 15 लाख रुपये का फिजिशियन सैंपल जब्त किया गया है. विभाग की ओर से जब्त दवा के सैंपल की जांच करायी जायेगी. इसके बाद गोदाम मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.
इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और धंधेबाज लक्ष्मण कुमार फरार होने में सफल रहा है.
मानपुर के मामले से जुड़े हैं तार
यह पूरी कार्रवाई पिछले शुक्रवार को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) व जिला औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में मानपुर के खांजहापुर में सुमित कुमार बरनवाल उर्फ सुधीर के यहां जब्त डेढ़ करोड़ रुपये की नकली दवा से जुड़ी है.
जिला औषधि नियंत्रक डॉ. सच्चिदानंद विक्रांत ने बताया कि विशेष अभियान 'ऑपरेशन स्पूरियस' के तहत मंगलवार को टीम ने मुरारपुर पांच खाने गली में अरुण कुमार के मकान पर दबिश दी. यहां किराए पर रह रहे लक्ष्मण कुमार के गोदाम का सील खोलकर स्टॉक दवाओं की जांच की गयी.
जांच में पूरे मकान में बने गोदाम से 15 लाख रुपये से अधिक के फिजिशियन सैंपल जब्त किये गये. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. छापेमारी दल में ड्रग इंस्पेक्टर (DI) कयूमउद्दीन अंसारी, अजय कुमार सिंह, संजीव कुमार व ईशु भारद्वाज सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे.
पहले भी पकड़ी जा चुकी हैं अवैध दवाएं
इससे पहले भी विभाग की कार्रवाई में लाखों रुपये की अवैध दवाएं जब्त की जा चुकी हैं और कई लोग गिरफ्तार भी हो चुके हैं. बोधगया के एक गांव में अवैध रूप से संचालित ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री को भी सील किया गया था.
आश्चर्य की बात यह है कि उस मामले में भी मानपुर के ही व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई थी और गिरफ्तारी हुई थी. अन्य जगहों पर भी अवैध कारोबार के तार मानपुर से जुड़े हुए मिल रहे हैं. विभाग द्वारा इस नेटवर्क को खंगालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है.
