बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा के बोधगया आगमन की चर्चाओं के बीच एक अच्छी खबर यह मिल रही है कि इस वर्ष साल के अंत तक दलाईलामा का बोधगया आगमन होगा.
यह भी सूचना है कि दलाई लामा यहां कम से कम एक महीने के प्रवास पर रहेंगे और इस बीच अपने अनुयायियों व श्रद्धालुओं को टीचिंग देंगे. विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली है कि 15 दिसंबर से 25 दिसंबर के बीच दलाईलामा का बोधगया आगमन होना है.
इसके लिए यहां स्थित तिब्बत बौद्ध मठ में तैयारी भी शुरू कर दी गयी है ताकि दलाई लामा के आवासन को लेकर तय कक्ष में किसी तरह की परेशानी नहीं हो सके. जानकारी मिली है कि दलाईलामा के बोधगया आगमन को लेकर उनके तिब्बती मूल के अनुयायियों के साथ ही विदेशी श्रद्धालुओं ने भी आग्रह किया है.
पिछले दो वर्षों से नहीं हुआ था आगमन, स्थानीय कारोबार को पहुंचेगी मजबूती
उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा के बोधगया में आगमन नहीं होने के कारण उनके अनुयायियों की संख्या भी बोधगया में कम देखी गयी व उनका यहां आना-जाना अपेक्षा के अनुरूप नहीं हो सका.
यह भी कि दलाई लामा के बोधगया में आयोजित कार्यक्रमों के कारण यहां अमूमन तीन लाख से ज्यादा बौद्ध लामा, भिक्षुणी, अनुयायी व अन्य पहुंचते हैं. उनके आवासन के साथ ही परिवहन व खान-पान को लेकर होने वाले खर्च का लाभ भी स्थानीय बाजार पर पड़ता है.
पर्यटकों पर आधारित बोधगया के व्यवसाय यानी होटल, गेस्ट हाउस, गाड़ियां, फल व सब्जी की दुकानें, किराना दुकानों के साथ ही ऑटो व इ-रिक्शा वालों को भी रोजगार के साथ-साथ ठीक-ठाक आमदनी हो जाती है. इससे बोधगया की अर्थव्यवस्था पर भी अनुकूल असर पड़ा है.
सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम, प्रशासनिक घोषणा का इंतजार
सुरक्षा के लिहाज से भी बोधगया क्षेत्र को चौकस रखा जाता है और काफी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय रहती हैं.
बहरहाल, दलाई लामा के बोधगया आगमन को लेकर सभी आशान्वित हैं और इस बीच उनके आगमन की खबर भी सभी को राहत भरी है.
हालांकि, दलाई लामा के आधिकारिक वेबसाइट व प्रशासनिक स्तर पर इसकी सूचना फिलहाल जारी नहीं की गयी है.
Also Read : गया जी में कुकिंग चैलेंज का आयोजन, 30 प्रतिभागियों ने लजीज व्यंजनों से जीता दिल, छाईं महिलाएं
