दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के शारीरिक शिक्षा विभाग के शोधार्थियों अनंत सांडिल्य एवं अभिनव आनंद ने नेपाल के नेशनल कॉलेज, काठमांडू द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान: व्यवहार विज्ञान की उन्नति” में सहभागिता करते हुए अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए. दोनों शोधार्थी डॉ राहुल सिंह, सहायक प्राध्यापक, शारीरिक शिक्षा विभाग के पर्यवेक्षण में शोध कार्य कर रहे हैं.
अंतरराष्ट्रीय मंच पर सहभागिता
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान एवं व्यवहार विज्ञान के क्षेत्र में नवीन शोध, विचारों तथा व्यावहारिक दृष्टिकोणों का आदान-प्रदान करना था. सम्मेलन में विभिन्न देशों एवं संस्थानों से आए शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों ने अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए.
कुलपति व शिक्षकों की बधाई
सीयूएसबी के कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो आशीष सिंह एवं अन्य संकाय सदस्यों ने दोनों शोधार्थियों को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल अकादमिक एवं शोध भविष्य की कामना की.
शोध-पत्रों की प्रस्तुति
सम्मेलन के दौरान अभिनव आनंद ने “वॉलीबॉल प्रदर्शन के प्रत्यक्षण-गतिशील निर्धारक: गहराई प्रत्यक्षण एवं प्रतिक्रिया समय का सहसंबंधात्मक अध्ययन” विषय पर अपना शोध-पत्र प्रस्तुत किया. वहीं, अनंत सांडिल्य ने “एथलीटों के सामना करने के कौशल का बहुआयामी आकलन तथा वॉलीबॉल खिलाड़ियों के प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन के साथ उनका संबंध” विषय पर शोध-पत्र प्रस्तुत किया.
सकारात्मक प्रतिक्रिया व अनुभव
दोनों शोध-पत्रों को सम्मेलन में सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई. इस सहभागिता के माध्यम से शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने, विशेषज्ञों के साथ संवाद करने तथा नवीन शोध-विधियों एवं विचारों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला.
