गया जी : रेल सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, गया जंक्शन को डिवीजन बनाने की उठी मांग

कांग्रेस पार्टी ने गया जंक्शन परिसर में एक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया. पार्टी ने गया जंक्शन को रेलवे डिवीजन बनाने, सीधी ट्रेनें चलाने और अन्य लंबित मांगों को लेकर आवाज उठाई. स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया.

गया रेलवे स्टेशन परिसर में कांग्रेस पार्टी के बैनर तले गया जंक्शन को रेलवे डिवीजन बनाने सहित वर्षों से लंबित दर्जनों मांगों को लेकर एक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने की.

कार्यक्रम में शामिल बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि अति प्राचीन, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त और विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपना स्थान रखने वाले पूर्व-मध्य रेलवे के वर्ल्ड क्लास निर्माणाधीन गया रेलवे जंक्शन को रेलवे का नया डिवीजन बनाया जाए.

इसके साथ ही गया से मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, हैदराबाद, पुरी आदि स्थानों के लिए गया से सीधी ट्रेनें चलाई जाएं, वर्षों से बंद पड़े वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों और खिलाड़ियों को मिलने वाली रेलवे टिकट रियायत को फिर से शुरू किया जाए तथा गया टाउनशिप एरिया के अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों का चहुंमुखी विकास किया जाए.

इन प्रमुख मांगों को लेकर जताया गया आक्रोश

नेताओं ने मांग उठाई कि गया जिला के अंतर्गत कई सड़कों पर अवस्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कराया जाए, टेंपो और टोटो से 25 रुपए ठेकेदारी लेने की प्रथा बंद हो और गया रेलवे जंक्शन के वृहद भूखंड में मॉल व व्यावसायिक केंद्र विकसित किए जाएं.

साथ ही, कोरोना काल से पैसेंजर ट्रेनों के नाम में 'स्पेशल' जोड़कर एक्सप्रेस ट्रेन के बराबर भाड़ा वसूलने की परंपरा को समाप्त कर पुनः पैसेंजर ट्रेन का सामान्य भाड़ा लिया जाए. गया से पटना के लिए रात्रि में 08 बजे से 09 बजे के बीच कोई नई पैसेंजर ट्रेन शुरू करने तथा गया रेलवे जंक्शन से बोधगया, दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय और आईआईएम के लिए लगातार 24 घंटे रिंग बस चलाने की मांग की गई.

वक्ताओं ने कहा कि इन मांगों के पूरा न होने से मध्य-दक्षिण बिहार के लोगों में भयानक आक्रोश और मायूसी है.

स्टेशन अधीक्षक को सौंपा गया ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन की समाप्ति के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने गया रेलवे जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक से मुलाकात की और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा.

Also Read : आरा का वीर कुंवर सिंह पार्क अब पहले से ज्यादा भव्य, सेल्फी प्वाइंट, बोटिंग और ओपन जिम समेत मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >