Gaya Ji News : गया जी के बाइपास स्थित श्री हनुमान मंदिर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. समारोह में वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए. बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए.
16 ब्रह्मचारी बच्चों का हुआ यज्ञोपवीत संस्कार
मंत्रालय श्री वैदिक पाठशाला के आचार्य पंडित राजा आचार्य ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 16 ब्रह्मचारी बच्चों का नूतन यज्ञोपवीत संस्कार कराया गया. उन्होंने कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, संस्कार और नई ऊर्जा का संचार करता है.
100 से अधिक श्रद्धालुओं को मिली गुरु दीक्षा
कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक शिष्यों को गुरु दीक्षा भी प्रदान की गई. धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत देवता पूजन से हुई, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न कराया गया. यज्ञोपवीत संस्कार के बाद पारंपरिक भिक्षा संस्कार की रस्म निभाई गई और अंत में आरती तथा प्रसाद वितरण किया गया.
वेद पाठशाला में भी मनाई गई गुरु पूर्णिमा
श्री विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति द्वारा संचालित वेद पाठशाला में भी गुरु पूर्णिमा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई. इस अवसर पर श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों ने गुरु परंपरा का सम्मान करते हुए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया.
गुरु पूर्णिमा का धार्मिक महत्व
सनातन परंपरा में गुरु पूर्णिमा को गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष पर्व माना जाता है. इस दिन श्रद्धालु अपने गुरु का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का संकल्प लेते हैं.
