दोगुने पैसे के चक्कर में ठगाया व्यवसायी, ठगों को बंधक बना पीटा, अब दोनों पक्ष जेल में

रातों-रात अमीर बनने की चाहत और दो नंबर के पैसों के लालच ने गया के एक व्यवसायी और कैमूर के दो ठगों, दोनों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.

गया जी. रातों-रात अमीर बनने की चाहत और दो नंबर के पैसों के लालच ने गया के एक व्यवसायी और कैमूर के दो ठगों, दोनों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. दोगुने पैसे का झांसा देकर ठगी करने वाले दो युवकों को जब व्यवसायी ने बंधक बनाकर पीटा, तो पुलिस की एंट्री हुई. अब इस मामले में कोतवाली थाने की पुलिस ने क्रॉस एफआइआर दर्ज कर दोनों पक्षों से कुल तीन लोगों को जेल भेज दिया है. कोतवाली थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह के अनुसार, कैमूर जिले के मोहनिया निवासी गोलू कुमार पटेल और चैनपुर निवासी बलिराम यादव ने गया के टिकारी रोड निवासी व्यवसायी रिशु गुप्ता और उसके भाई अमन गुप्ता को अपने जाल में फंसाया था. ठगों ने दावा किया कि उनके पास असली जैसे दिखने वाले दो नंबर के नोट हैं, जिन्हें बाजार में चलाने पर भारी मुनाफा होगा. भरोसा जीतने के लिए ठगों ने पहले व्यवसायी भाइयों को चार हजार रुपये के नोट दिये. जब ये नोट बाजार में आसानी से खप गये, तो व्यवसायी लालच में आ गये. इसके बाद दो अप्रैल को दोनों ठग बड़ी रकम की डील करने गया पहुंचे. उन्होंने छह लाख रुपये असली नोटों के बदले नौ लाख रुपये के दो नंबर के नोट देने का सौदा किया.

छह लाख के बदले थमाया सादा कागज

रीशु गुप्ता ने ठगों को छह लाख रुपये दे दिये. इसके बदले ठगों ने टेप और प्लास्टिक में पैक नोटों के कई बंडल दिये और कहा कि इन्हें घर जाकर ही खोलना. शक होने पर रिशु ने जब छुपकर बंडल खोला, तो उसके होश उड़ गये. बंडल के ऊपर और नीचे असली नोट लगे थे, जबकि बीच में नोट के साइज के सादे कागज भरे हुए थे.

ठगी का शिकार व्यवसायी बन गया किडनैपर

खुद को ठगा महसूस होने पर रिशु और उसके भाई अमन ने गुस्से में आकर दोनों ठगों को पकड़ लिया. वे उन्हें चंदौती थाना क्षेत्र के कंडी-नवादा मुहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान में ले गये, जहां उन्हें बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा गया. मारपीट की सूचना किसी तरह ठगों के परिजनों तक पहुंची, जिन्होंने कोतवाली थाने को अलर्ट किया. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर गोलू पटेल और बलिराम यादव को मुक्त कराया और मौके से ही व्यवसायी रिशु गुप्ता को भी हिरासत में ले लिया. पुलिस ने वहां से एक स्विफ्ट कार, सादे कागज के दो बंडल, 10 टेप और दो मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं.

दोनों तरफ से क्रॉस एफआइआर में क्या हैं आरोप

थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में दो अलग-अलग एफआइआर दर्ज की गयी हैं, ठग गोलू पटेल की शिकायत पर व्यवसायी रिशु, अमन, शानू, छोटू, आशुतोष, साहिल समेत आठ लोगों पर अपहरण, लाठी-डंडे से पीटने, 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराने और कार, 50 हजार रुपये व एप्पल का फोन लूटने का मामला दर्ज हुआ है. वहीं, दूसरी ओर व्यवसायी रिशु गुप्ता के बयान पर छह लाख रुपये ठगने और सादे कागज थमाने के आरोप में गोलू पटेल और बलिराम यादव पर केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने ठग गोलू पटेल, बलिराम यादव और व्यवसायी रिशु गुप्ता को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है. वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >