इमामगंज. बिजली बिल के बकायेदारों पर नकेल कसने के नाम पर इमामगंज विद्युत कार्यालय ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिससे ईमानदार उपभोक्ताओं को भी सजा भुगतनी पड़ रही है. विभाग ने बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाते हुए इमामगंज के दो टोलों की बिजली पूरी तरह काट दी है. हैरानी की बात यह है कि जिन चंद उपभोक्ताओं ने ईमानदारी से अपना बिल जमा किया था, विभाग ने उन्हें भी पड़ोसियों की गलती की सामूहिक सजा देते हुए अंधेरे में धकेल दिया है. इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि करते हुए इमामगंज के जेइ सचिन कुमार ने बताया कि झिकटिया पंचायत के बदुरवा टोले में 30 कनेक्शन हैं, लेकिन केवल दो लोग ही नियमित बिजली बिल का भुगतान कर रहे थे. इसी तरह दुबहल पंचायत के पहाड़ीपर टोला में 30 कनेक्शनों में से मात्र तीन उपभोक्ता ही अपना बिल जमा कर रहे थे. जेइ के अनुसार, लगातार भारी बकाया रहने के कारण इन दोनों टोलों का मुख्य कनेक्शन ही काट दिया गया है. जेइ ने चेतावनी दी है कि प्रखंड के करीब दो दर्जन अन्य गांवों और टोलों में भी स्थिति बेहद चिंताजनक है. अगर एक-दो दिनों के भीतर इन जगहों पर बकाया राशि जमा नहीं की गयी, तो वहां की बिजली आपूर्ति भी ठप कर दी जायेगी. जिन गांवों को अल्टीमेटम दिया गया है, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
इन 24 गांवों व टोलों पर लटकी है तलवार
कुजेसर पंचायत: मुस्लिम टोला, अमौनीनौडीहा पंचायत: बिंधुआ, संग्रामपुर, बहुआरा
छकरबंधा पंचायत: सलैया, विनैका, बेला, किशुनीचक, पुरुषोत्तमपुर, चपराझिकटिया पंचायत: टनकवार, परसिया, पटेल टोलादुबहल पंचायत: हनुमान मंदिर, टांड़पर
सिद्धपुर पंचायत: नीमा, रोधा, बतसपुरचुआबार पंचायत: कुनकराई, जलवार, कोचया
अन्य: लावाबार का बेलवार, बभनडीह का ढीवर