Gaya Ji News : गया जी लुपिन के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, उनके वैधानिक अधिकारों की रक्षा तथा संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय लुपिन काउंसिल का द्वितीय अखिल भारतीय सम्मेलन 12 जुलाई को शहर के एक होटल में आयोजित किया जाएगा. इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से लुपिन के कर्मचारी, प्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी भाग लेंगे.
कर्मचारियों के वेतन और श्रम कानूनों पर होगी गंभीर चर्चा
सम्मेलन में कर्मचारियों के वेतन, सेवा शर्तों, सामाजिक सुरक्षा, श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सदस्यता विस्तार, संगठन की भावी रणनीति तथा कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा. साथ ही कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे.
संगठनात्मक शक्ति का विस्तार और भावी रणनीति पर जोर
सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य कर्मचारियों की एकता को मजबूत करना, लोकतांत्रिक एवं वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठनात्मक शक्ति का विस्तार करना तथा राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाना है. सम्मेलन में आगामी कार्ययोजना भी निर्धारित की जाएगी, जिससे कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठित एवं प्रभावी पहल को नई दिशा मिल सके. यह जानकारी अखिल भारतीय लुपिन काउंसिल के विमल चंद्र राय ने दी.
