बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अभियान बसेरा-2 के तहत आगामी 15 अगस्त 2026 को अंचल क्षेत्र वजीरगंज के भूमिहीन परिवारों को बड़ी राहत मिलने वाली है. इस योजना के अंतर्गत अति महत्वपूर्ण वास योग्य भूमि की बंदोबस्ती कर भूमिहीनों को बसाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.
73 भूमिहीन परिवारों को मिलेगा बंदोबस्ती पर्चा
इस संबंध में जानकारी देते हुए सीओ प्रकाश कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अंचल क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के चिह्नित 73 भूमिहीन परिवारों को जमीन का बंदोबस्ती पर्चा देकर बसाया जाएगा.
इसके लिए अंचल कार्यालय वजीरगंज में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. लाभार्थियों की सूची अंतिम रूप से तैयार कर ली गई है और जमीन की मापी, सत्यापन एवं दस्तावेजों की जाँच का कार्य भी पूरा हो चुका है.
प्रत्येक भूमिहीन परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना उद्देश्य
सीओ ने बताया कि सरकार का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक भूमिहीन परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है. अभियान बसेरा-2 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. जिन भूमिहीनों के पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है, उन्हें सरकारी भूमि पर वास योग्य भूमि की बंदोबस्ती देकर आवास निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा.
15 अगस्त को आयोजित विशेष कार्यक्रम में सौंपे जाएंगे कागजात
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में इन 73 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से बंदोबस्ती का कागज सौंपा जाएगा. कार्यक्रम में प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी.
लाभार्थियों से समय पर उपस्थित होने की अपील
अंचलाधिकारी ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे समय पर अंचल कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पर्चा प्राप्त करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं.
Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग
