गया जी के 25 सरकारी स्कूल बने मॉडल विद्यालय, विधानसभा अध्यक्ष और डीएम ने जिला स्कूल में किया शुभारंभ

बिहार सरकार ने सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 551 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का शुभारंभ किया है। ये स्कूल आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी शिक्षकों से लैस होंगे।

Gaya Ji News : सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'सरस्वती विद्या निकेतन' (मॉडल स्कूल) को धरातल पर लाने की कवायद रविवार को पूरी हुई. पूरे सूबे में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया गया.

बेगूसराय से पूरे बिहार के लिए आयोजित इस वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों व आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों का भव्य स्वागत किया गया तथा शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल की सराहना की गयी.

प्लस टू जिला स्कूल में विधानसभा अध्यक्ष व डीएम ने काटा फीता

इसी क्रम में गया के सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), प्लस टू जिला स्कूल में भी उद्घाटन समारोह का भव्य आयोजन किया गया. इसमें बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, डीएम शशांक शुभंकर, डीईओ कृष्ण मुरारी गुप्ता, नागरिक परिषद सदस्य ज्योति दांगी, जिला 20 सूत्री के सदस्य शहजाद शाह, डॉ. शंकर चौधरी, अवध बिहारी पटेल, डॉ. जितेंद्र दास, विनोद कुमार, अरविंद वर्मा, आकाश दयाल, विद्यालय की प्राचार्या सरिता कुमारी सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विद्यालय परिसर का फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर वहां उपलब्ध करायी गयी शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया.

शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला: डॉ. प्रेम कुमार

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही संस्कारित, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है. उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का शुभारंभ गया के विद्यार्थियों के लिए एक नयी उपलब्धि है.

यह विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और चरित्र निर्माण का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा. उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने, अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

उन्होंने आगे कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नयी शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक, रोजगारोन्मुख और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है. बिहार सरकार भी शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है.

गुणवत्ता के साथ नैतिक व सामाजिक मूल्यों का भी करें विकास: डीएम

मौके पर मौजूद डीएम शशांक शुभंकर ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की तथा शिक्षकों का आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों का भी विकास करें.

सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) की प्रमुख विशेषतायें

  • अनुभवी शिक्षक: अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा अध्यापन की व्यवस्था.
  • आधुनिक सुविधाएं: स्मार्ट क्लासरूम, ई-लाइब्रेरी, आधुनिक प्रयोगशालाएं, खेल एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं.
  • गुणवत्ता निगरानी: विद्यालयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर पीएमयू (PMU) की स्थापना तथा साप्ताहिक परीक्षण द्वारा प्रगति की सतत निगरानी.
  • कॅरियर काउंसलिंग: विद्यार्थियों के लिए कॅरियर काउंसलिंग एवं रिमेडियल क्लास की विशेष सुविधा.
  • प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी: मेडिकल, इंजीनियरिंग, ओलंपियाड एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की आधारभूत तैयारी कराना.
  • डिजिटल प्लेटफॉर्म: शिक्षकों और विद्यार्थियों की दीक्षा व ई-लोट्स पोर्टल व अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंच सुनिश्चित करना.
  • समग्र विकास: नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम (को-करिकुलर) गतिविधियों का आयोजन.

गया जिले के सभी 25 मॉडल स्कूलों (सरस्वती विद्या निकेतन) की सूची को प्रखंड के अनुसार नीचे टेबल प्रारूप में व्यवस्थित किया गया है:

गया जिला के 25 मॉडल स्कूलों की सूची

क्र.सं.विद्यालय का नामप्रखंड
1उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, श्यामकलाआमस
2गुलाबचंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोविंदपुर बैरकाअतरी
3उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, भलुहारबांकेबाजार
4एसएस उच्च विद्यालय, सुलेबट्टाबाराचट्टी
5अग्रवाल उच्च विद्यालयबेलागंज
6प्लस टू उच्च विद्यालयबोधगया
7उच्च माध्यमिक विद्यालय, घोड़ाघाटडोभी
8जनता उच्च विद्यालयइमामगंज
9प्लस टू प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालयफतेहपुर
10उच्च माध्यमिक विद्यालय, चाकंदनगर प्रखंड
11प्लस टू जिला स्कूल, गयानगर प्रखंड
12उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, मंझार पहरागुरारू
13उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, स्थुनाथखापगुरुआ
14प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, रानीगंजडुमरिया
15जनता उच्च विद्यालय, करपीखिजरसराय
16उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, काबरकोंच
17उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, शादीपुरमानपुर
18उच्च विद्यालयमोहनपुर
19मोहनदास करमचंद गांधी उच्च विद्यालय, सेवतरमोहड़ा
20उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, बंडीनीमचक बथानी
21उच्च विद्यालयपरैया
22रंगलाल उच्च विद्यालयशेरघाटी
23शिवराम भारती उच्च विद्यालयटनकुप्पा
24उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, डिहुराटिकारी
25रामानुग्रह उच्च विद्यालयवजीरगंज

Also Read : शेखपुरा : पैक्स और व्यापार मंडलों को 26 जुलाई तक चावल जमा करने का निर्देश, 1483 MT आपूर्ति अब भी बाकी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Haribansh kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >