बिहार के मुंगेर में जली हुई गाड़ी के पास मिला चालक का शव, पीट-पीट कर हत्या की आशंका

घटना के पीछे कारणों की जांच की जा रही है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है मृतक के परिजन भी यहां पहुंच गए हैं.

मुंगेर. हवेली खड़गपुर थाने के श्यामपुर ओपी क्षेत्र में ऋषि कुंड से 200 मीटर पहले एक जला हुआ पिकअप वाहन बरामद हुआ है. उसके पास ही पिकअप के ड्राइवर और खलासी का शव भी मिला है. बताया जा रहा है कि पिकअप वैन ड्राइवर की लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या की गयी है. घटना के पीछे नक्सली कार्रवाई की आशंका जतायी जा रही है.

जांच कर रही पुलिस

शव मिलने की सूचना मिलते ही तारापुर एसडीपीओ राकेश कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. वो मामले की जांच में जुट गये हैं. एसडीपीओ राकेश कुमार ने बताया कि, बुधवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ऋषि कुण्ड के पास एक पिक अप वाहन जली हुई हालत में मिली. उसके पास ही एक युवक का शव पड़ा है. घटना की सूचना पर हम लोग यहां पहुंचे हैं.

पीट-पीट कर हुई हत्या

पहली नजर में शव को देखने के बाद लगता है कि उसकी हत्या लाठी-डंडे से पीटकर की गयी है. उन्होंने नक्सली घटना से इनकार नहीं किया है. उन्होंने बताया कि पिकअप वैन को भी अज्ञात लोगों ने जला दिया है. एसडीपीओ ने बताया कि, घटना के पीछे कारणों की जांच की जा रही है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है मृतक के परिजन भी यहां पहुंच गए हैं.

नहाने जा रहे लोगों ने शव को देखा

स्थानीय लोगों की माने तो बुधवार की सुबह जब वे लोग नहाने के लिए ऋषिकुंड जा रहे थे तो कुंड से 200 मीटर पहले ही एक पिकअप वाहन जली हुई अवस्था में दिखी. खून के धब्बे सड़क पर देख सभी डर गये. लोगों ने आसपास की तलाशी ली तो वहां पर दो-तीन लोगों के कपड़े मिले और एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला. लोगों ने बताया कि हो सकता है मवेशी चोरों को स्थानीय लोगों ने देखा और उसकी पिटाई कर दी, जिसमें उसकी मौत हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >