Darbhanga News: घोघरडीहा प्रखंड स्वराज्य विकास संघ (जीपीएसवीएस) की ओर से शुक्रवार को दिल्ली मोड़ स्थित एक होटल में सुरक्षित रोजगार एवं प्रवासन विषय पर जिला स्तरीय सीएसओ-सीबीओ परामर्श कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला में प्रवासी श्रमिकों के लिए तैयार की जा रही सुरक्षित रोजगार मार्गदर्शिका पर विभिन्न संगठनों और विशेषज्ञों से सुझाव लिए गए.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर उप श्रमायुक्त राकेश रंजन, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी साधना भारती, जीपीएसवीएस के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी एवं परियोजना निदेशक रमेश कुमार, वन स्टॉप सेंटर की कार्यक्रम समन्वयक अज्जमतुन निशा, केएसए की आराधना कुमारी, एमजेएस की सचिव इंदिरा कुमारी, आरडीटी के मुख्य संरक्षक मो. सादुल्लाह, रिलायंस फाउंडेशन के सूरज कुमार सहित कई अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
श्रमिकों के अधिकार और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि सुरक्षित प्रवासन केवल रोजगार का विषय नहीं, बल्कि श्रमिकों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन से भी जुड़ा है. उन्होंने प्रवासी श्रमिकों के पंजीकरण, कानूनी सहायता, कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक पहुंच तथा पूर्व-प्रस्थान परामर्श को अत्यंत आवश्यक बताया.
मार्गदर्शिका को समुदाय-केंद्रित बनाने के सुझाव
बैठक के दौरान बिहार में प्रवासन की वर्तमान स्थिति और उससे जुड़ी चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. प्रतिभागियों ने सुरक्षित रोजगार मार्गदर्शिका को अधिक सरल, व्यवहारिक और समुदाय-केंद्रित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए.
