Darbhanga News: दरभंगा. डॉ एपीजे अब्दुल कलाम महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में मंगलवार को नव नामांकित छात्राओं का इंडक्शन कार्यक्रम कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुआ. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को संस्थान की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं तकनीकी गतिविधियों से अवगत कराना था. कुलपति प्रो. चौधरी ने कहा कि डब्ल्यूआइटी ने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है. इस वर्ष नामांकन का ग्राफ बढ़ा है, जो संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है. छात्राओं को अनुशासन व परिश्रम के साथ शिक्षा ग्रहण करने की सलाह दी. वित्तीय सलाहकार इंद्र कुमार ने शिक्षा और वित्तीय अनुशासन के बीच संबंधों पर प्रकाश डाला. एमआइटी, मुजफ्फरपुर के प्रधानाचार्य प्रो. एमके झा ने तकनीकी शिक्षा में अनुसंधान और उद्यमिता की भूमिका के बारे में बताया. छात्राओं को शोध की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.
तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए केवल विषयगत ज्ञान ही पर्याप्त नहीं- निर्मल
निर्मल कुमार ने पीपीटी के माध्यम से लाइफ स्किल्स एवं सॉफ्ट स्किल्स को समझाया. कहा कि तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए केवल विषयगत ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जीवन कौशल और व्यवहारगत कौशल का विकास भी समान रूप से आवश्यक है. लाइफ स्किल्स के तहत उन्होंने समय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान, टीम वर्क एवं नेतृत्व कौशल पर प्रकाश डाला. सॉफ्ट स्किल्स के तहत प्रभावी संचार, प्रस्तुति कौशल, आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों का पालन, सकारात्मक दृष्टिकोण को सफलता की कुंजी बताया. छात्राओं से कहा कि तकनीकी ज्ञान उन्हें रोजगार पाने में मदद करेगा, लेकिन लाइफ स्किल्स और सॉफ्ट स्किल्स जीवन में उत्कृष्टता और नेतृत्व की क्षमता प्रदान करने में सहायक होगा.शिक्षा के साथ छात्राओं का व्यक्तित्व विकास करता संस्थान-प्राे. अजय
निदेशक प्रो. अजय नाथ झा ने स्वागत करते हुए कहा कि यह संस्थान तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ छात्राओं के व्यक्तित्व विकास के लिये भी सतत प्रयत्नशील है. धन्यवाद ज्ञापन करते हुए उप कुलसचिव डॉ प्रियंका राय ने कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम से छात्राओं को न केवल शैक्षणिक दुनिया में प्रवेश करने का मार्गदर्शन मिलेगा, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में चुनौतियों का सामना करने का साहस और उत्साह प्राप्त होगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
