बिहार राज्य बज्जिका विकास परिषद का 31वां स्थापना दिवस संपन्न, डॉ ओंकार प्रसाद सिंह फिर बने महासचिव

बिहार राज्य बज्जिका विकास परिषद ने दरभंगा में अपना 31वां स्थापना दिवस मनाया. इस अवसर पर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया और बज्जिका भाषा के विकास पर चर्चा हुई. समारोह में पुस्तक लोकार्पण व काव्य पाठ का भी आयोजन हुआ.

Darbhanga News: बिहार राज्य बज्जिका विकास परिषद का 31वां स्थापना दिवस समारोह बुधवार को दरभंगा के तारामंडल सभागार में आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र राकेश ने की. अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया. परिषद के महासचिव डॉ. ओंकार प्रसाद सिंह ने स्वागत भाषण के साथ संगठन का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया.

बज्जिका के विकास पर वक्ताओं ने रखे विचार

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. ब्रह्मदेव प्रसाद कार्यी ने कहा कि बज्जिका भाषा के विकास के लिए जन-आंदोलन के साथ-साथ सिनेमा और संगीत का जुड़ाव भी आवश्यक है. पूर्व महासचिव अमरेश्वरी चरण सिन्हा ने बज्जिका के लिए व्यापक जन-संघर्ष की जरूरत बताई. मुख्य वक्ता प्रो. हरिनारायण सिंह हरि ने "प्रगति पथ पर बज्जिका" विषय पर व्याख्यान दिया.

वक्ताओं ने कहा कि बज्जिका विश्व के प्रथम लोकतांत्रिक समाज की भाषा रही है और इसके सम्मान तथा अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: जून में दरभंगा एयरपोर्ट से 72 हजार से अधिक यात्रियों ने किया सफर, 432 उड़ानों का हुआ परिचालन

नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

स्थापना दिवस समारोह के दौरान परिषद की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया. इसमें डॉ. ब्रह्मदेव प्रसाद कार्यी को अध्यक्ष, डॉ. विद्या चौधरी एवं प्रो. हरिनारायण सिंह हरि को उपाध्यक्ष, डॉ. ओंकार प्रसाद सिंह को पुनः महासचिव तथा मनोज कुमार सिंह को सचिव चुना गया.

पुस्तक लोकार्पण और काव्य पाठ का आयोजन

कार्यक्रम में रामायण कथा-सार पुस्तक का लोकार्पण किया गया. इसके बाद हीरालाल सहनी, इंदिरा भारती और नंदकिशोर साहू ने काव्य पाठ प्रस्तुत किया.

समारोह में पूर्व मेयर ओमप्रकाश खेड़िया, पद्मश्री किसान चाची राजकुमारी देवी, पद्मश्री शिवन पासवान, अभिनेता अमिय कश्यप, शशि भूषण कुमार, निगम पार्षद शत्रुघ्न प्रसाद यादव 'नारद', अखिलेश कुमार चौधरी, राजाराम चौरसिया सहित अनेक साहित्यकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >