दरभंगा: शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा. इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है. लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए दरभंगा प्रेक्षागृह में विशेष शिविर लगाया जायेगा. आम लोगों की सुविधा के लिए शिविर में कई काउंटर बनाये गये हैं, जहां लंबित चालानों का त्वरित एवं सरल तरीके से निष्पादन किया जायेगा.
डीएम कौशल कुमार ने शुक्रवार को प्रेक्षागृह पहुंचकर शिविर की तैयारियों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
नागरिकों की सुविधा पर विशेष जोर
डीएम ने कहा कि नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. शिविर में पर्याप्त काउंटर के साथ बैठने, पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, ताकि लोगों को लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे में किसी तरह की परेशानी न हो.
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर शिविर में पहुंचकर अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का निपटारा कराएं.
अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, डीटीओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
आसाम नंबर के ट्रक से 1771.920 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक-खलासी गिरफ्तार
