दरभंगा: बिरौल में दोस्त ही बने दुश्मन, युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, आईसीयू में भर्ती

बिरौल में साथियों के बीच हुए विवाद में 18 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला कर दिया गया. घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल स्थित कमला नदी किनारे चूड़ा मिल के समीप रविवार को आपसी विवाद में 18 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घायल की पहचान सुपौल खेबा अफजल निवासी स्व. वहीद के पुत्र मो. शाकिब के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

साथियों के बीच विवाद के बाद हुआ हमला

जानकारी के अनुसार घटना रविवार दिन में करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई. बताया जाता है कि मो. शाकिब अपने दो साथियों के साथ था. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक युवक ने अचानक चाकू निकालकर शाकिब पर हमला कर दिया.

आरोपित ने शाकिब की पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया.

जान बचाकर भागा, कुछ दूर जाकर सड़क पर गिरा

हमले के बाद घायल शाकिब किसी तरह अपनी जान बचाकर घटनास्थल से भागा. हालांकि कुछ दूरी तय करने के बाद अत्यधिक खून बह जाने के कारण वह सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा.

घटना के बाद हमलावर अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया.

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. सड़क पर खून से लथपथ युवक को देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसे आईसीयू में रखा गया है.

घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम

सूचना मिलने पर एससीपीओ प्रभाकर तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खून के निशानों को सुरक्षित किया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर अपने साथ ले गई है.

आरोपित की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एससीपीओ प्रभाकर तिवारी ने घटना को लेकर थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले सुपौल बाजार के शुभम कुमार महतो और प्रीतम सोनी का पहचान कर लिया गया है. दोनों घटना के बाद से फरार हैं. दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ग्रामीणों ने की त्वरित गिरफ्तारी की मांग

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपित की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >