शिवराम पंचायत में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीणों ने PHED पर लगाया लापरवाही का आरोप

बेनीपुर के शिवराम पंचायत में भू-जल स्तर गिरने से पेयजल का संकट गहरा गया है. कई वार्डों में नल-जल योजना बंद होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

Darbhanga News: अनावृष्टि के कारण भू-गर्भीय जलस्तर नीचे जाने से बेनीपुर प्रखंड की कई पंचायतों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है. शिवराम पंचायत में स्थिति अधिक चिंताजनक बतायी जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि कई वार्डों में चापाकल सूख गये हैं और नल-जल योजना नियमित रूप से संचालित नहीं होने से लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है.

Benipur News:कई वार्डों में जलापूर्ति बाधित होने का दावा

ग्रामीणों के अनुसार शिवराम पंचायत के वार्ड संख्या 2, 3, 4, 8, 11, 16 और 18 में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित है. अधिकांश चापाकलों ने पानी देना बंद कर दिया है. इससे लोगों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है.

पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नल-जल योजना को नियमित करने और खराब चापाकलों को दुरुस्त कराने की मांग की है.

डीएम को आवेदन देकर नल-जल चालू कराने की मांग

पंसस प्रतिनिधि लालबाबू झा ने बताया कि उन्होंने पूर्व में जिलाधिकारी को आवेदन देकर शिवराम पंचायत की नल-जल योजना को शीघ्र चालू कराने की मांग की थी. उनका कहना है कि पेयजल संकट के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है.

मामूली मरम्मत के अभाव में बंद है जलापूर्ति : संचालक

वार्ड संख्या 5 के नल-जल संचालक कमलेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामूली मरम्मत के अभाव में वार्ड में जलापूर्ति बंद है. उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग से कई बार मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन यह कहकर मामले को टाल दिया गया कि मरम्मत का कोई प्रावधान नहीं है.

उन्होंने दावा किया कि पंचायत के अधिकांश वार्डों में भी नल-जल योजना की स्थिति ठीक नहीं है और ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है.

PHED ने कहा- सिर्फ दो वार्डों में बंद है नल-जल

वहीं, मामले में पीएचइडी के कनीय अभियंता दीपक कुमार ने ग्रामीणों के दावे से अलग जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पंचायत के सभी वार्डों में नल-जल योजना संचालित है. केवल वार्ड संख्या 2 और 16 की नल-जल योजना बंद है.

कनीय अभियंता ने कहा कि दोनों वार्डों में जलापूर्ति बहाल करने की दिशा में पहल जारी है. विभाग की ओर से समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: कांटी में हरि सिंह स्कूल के सामने बनेगा फुट ओवरब्रिज, NHAI ने दी मंजूरी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुबोध नारायण पाठक

सुबोध नारायण पाठक पिछले 20 सालों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ये सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझते हैं और डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स व नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >