Darbhanga News: ओजोन परत की क्षति से वातावरण, पर्यावरण और मानव जीवन पर गंभीर प्रभाव

Darbhanga News:विश्व ओजोन दिवस पर सीएम साइंस कालेज में मंगलवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया.

Darbhanga News: दरभंगा. विश्व ओजोन दिवस पर सीएम साइंस कालेज में मंगलवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया. फ्रॉम साइंस टू ग्लोबल एक्शन विषय पर आयोजित संगोष्ठी का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र, डॉ विद्यानाथ झा, डॉ उमेश कुमार दास एवं आयोजन सचिव डॉ विश्व दीपक त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. डॉ विद्यानाथ झा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विचार रखा. ओजोन परत के महत्व को रेखांकित करते हुए इसके जर्जर होने के कारणों पर विस्तार से चर्चा की. बताया कि एयर कंडीशन और रेफ्रिजरेटर के बेतहाशा प्रयोग के कारण क्लोरोफ्लोरो कार्बन नामक रसायन की मात्रा वायुमंडल में अत्यधिक बढ़ जाने से ओजोन परत का छिद्र लगातार बढ़ता जा रहा है. इस कारण वातावरण, पर्यावरण और मानव जीवन पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. ओजोन परत में छिद्र के निरंतर बढ़ने के कारण सूर्य की पराबैंगनी किरणें पृथ्वी पर प्रत्यक्ष रूप से पहुंच रही है. इसके कारण त्वचा के कैंसर की बीमारियों का खतरा निरंतर बढ़ता जा रहा है.

ओजोन परत को बचाने की दिशा में चल रहे प्रयास- प्रधानाचार्य

अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल का जिक्र करते हुए बताया कि ओजोन परत को बचाने की दिशा में चल रहे प्रयासों से ओजोन परत के रिकवरी में काफी लाभ हुआ है. भविष्य में क्लोरोफ्लोरोकार्बन के विकल्प तलाशने के लिए सतत प्रयत्नशील रहने की आवश्यकता है. तब ही हम ओजोन परत को उद्देश्यपूर्ण सुरक्षा प्रदान करने में सफल हो सकेंगे. डॉ उमेश कुमार दास ने बताया कि विज्ञान की नई-नई तकनीकें विकसित होने से हम क्लोरोफ्लोरोकार्बन के बेहतर विकल्प की तलाश कर सकते हैं. इससे ओजोन परत में निरंतर हो रहे छिद्र पर काबू पाया जा सकता है. डॉ विश्व दीपक त्रिपाठी ने अतिथियों का पाग, चादर एवं पौधा से स्वागत किया.

भाषण प्रतियोगिता में अव्वल आयी शांभवी

इस अवसर पर भाषण, स्लोगन, पोस्टर एवं क्विज प्रतियोगिता में अव्वल आए छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. भाषण प्रतियोगिता में शांभवी कुमारी ने प्रथम, शबाना कमर ने द्वितीय एवं अंकित राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. स्लोगन प्रतियोगिता में सुमैया अख्तर ने प्रथम, राखी कुमारी ने द्वितीय एवं किरण झा ने तृतीय स्थान हासिल किया. पोस्टर प्रतियोगिता में सुमैया अख्तर ने प्रथम, किरण झा ने द्वितीय एवं साक्षी ठाकुर तृतीय स्थान पर रही. क्विज में अंजलि झा ने प्रथम, इकरा फातिमा ने द्वितीय एवं पुरुषोत्तम झा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. डॉ निधि झा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन डॉ शाकिर अहमद ने किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

PRABHAT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >