हायाघाट विधायक रामचंद्र प्रसाद साह बने मंत्री, जिला परिषद से कैबिनेट तक का सफर

जिला परिषद सदस्य से लेकर बिहार कैबिनेट मंत्री बनने तक का सफर तय कर हायाघाट विधायक रामचंद्र प्रसाद साह ने बड़ी राजनीतिक उपलब्धि हासिल की है. मंत्री पद की शपथ के बाद दरभंगा में समर्थकों ने जश्न मनाया और क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें जग गई हैं. जानें उनका पूरा राजनीतिक सफर…

Darbhanga News: रामचंद्र प्रसाद साह को बिहार सरकार के नए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के बाद दरभंगा जिले में खुशी का माहौल है. हायाघाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. रामचंद्र प्रसाद साह ने गुरुवार को मंत्री पद की शपथ ली.

शपथ ग्रहण के बाद उनके समर्थकों और परिवार में उत्साह देखा गया. क्षेत्र में कई जगहों पर मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने इसे हायाघाट के लिए गौरव का क्षण बताया.

जमीनी राजनीति से शुरू हुआ सफर

डॉ. रामचंद्र प्रसाद साह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जिला परिषद सदस्य के रूप में की थी. इसके बाद वे लगातार भाजपा संगठन और क्षेत्रीय राजनीति में सक्रिय रहे.

उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए भाजपा ने वर्ष 2020 में पहली बार उन्हें हायाघाट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था, जहां उन्होंने जीत हासिल की. इसके बाद 2025 के चुनाव में भी उन्होंने दोबारा जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की.

उच्च शिक्षित नेता

शिक्षा के क्षेत्र में भी डॉ. साह का रिकॉर्ड मजबूत माना जाता है. उन्होंने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से स्नातक और वर्ष 1992 में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी.

इसके बाद वर्ष 2014 में उन्होंने पीएचडी की उपाधि हासिल की. वे चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे स्थान पर आते हैं और उनका परिवार लंबे समय से व्यवसाय और सामाजिक कार्यों से जुड़ा रहा है.

करोड़ों की संपत्ति और व्यवसाय

चुनावी हलफनामे के अनुसार, डॉ. रामचंद्र प्रसाद साह के पास करीब 3.26 करोड़ रुपये की संपत्ति है. वे टाटा 407 और पिकअप जैसे व्यावसायिक वाहनों के मालिक भी हैं.

समर्थकों में उत्साह

उनके बड़े भाई रामसेवक साह ने कहा कि यह पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है. उन्होंने हमेशा जनता की सेवा को प्राथमिकता दी है और अब मंत्री के रूप में राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे.

हालांकि, उनके खिलाफ कुछ राजनीतिक और आपराधिक मामले भी दर्ज बताए जाते हैं, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन हैं.

दरभंगा से सूरज कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >