चोरी-लूट से पहले ही पुलिस को मिल जाएगा अलर्ट, दरभंगा में शुरू होगी AI निगरानी

दरभंगा पुलिस अपराध को रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने जा रही है. जिले को क्राइम हॉट स्पॉट में बांटा जाएगा, जहाँ विशेष निगरानी रखी जाएगी. इससे अपराध होने से पहले ही उसे रोकने में मदद मिलेगी.

Darbhanga Police: दरभंगा में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रही है. जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अपराध की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की पहचान कर उन्हें क्राइम हॉट स्पॉट घोषित किया जाएगा. इन इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि अपराध होने से पहले ही उसे रोका जा सके. पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद दरभंगा पुलिस ने इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है.

हर थाना तैयार करेगा क्राइम हॉट स्पॉट की सूची

नई व्यवस्था के तहत जिले का प्रत्येक थाना अपने क्षेत्र में चोरी, लूट, छिनतई, सड़क दुर्घटना, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं का विश्लेषण करेगा. जिन स्थानों पर बार-बार अपराध हो रहे हैं, उन्हें क्राइम हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित किया जाएगा. इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, नियमित गश्ती और तकनीकी निगरानी बढ़ाई जाएगी.

AI करेगा अपराध के पैटर्न का विश्लेषण

दरभंगा पुलिस अब एआई आधारित विश्लेषण का इस्तेमाल करेगी. इसके जरिए अपराध के समय, स्थान और तरीके का अध्ययन किया जाएगा. इससे पुलिस को यह समझने में मदद मिलेगी कि किस इलाके में किस समय अपराध की आशंका अधिक रहती है और उसी के अनुसार गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी.

डायल-112 और कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से होगी निगरानी

नई व्यवस्था को डायल-112 सेवा और इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से भी जोड़ा जाएगा. किसी भी आपातकालीन सूचना पर संबंधित थाना और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी. इससे पुलिस की प्रतिक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और प्रभावी होगी.

सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर

जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी. जरूरत पड़ने पर फुटेज का विश्लेषण कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी. इससे अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में भी आसानी होगी.

अपराध रोकना है मुख्य उद्देश्य

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नई तकनीक आधारित व्यवस्था का उद्देश्य केवल अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि अपराध होने से पहले ही उसे रोकना है. दरभंगा पुलिस का मानना है कि क्राइम हॉट स्पॉट की पहचान, एआई आधारित निगरानी और आधुनिक पुलिसिंग से जिले में कानून-व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी और लोगों को सुरक्षित माहौल मिलेगा.

यह भी पढे़ं: अब बिरौल में मिलेगा विशेषज्ञ इलाज, प्रथम हॉस्पिटल से जुड़े एम्स के चिकित्सक डॉ. विश्वनाथ झा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >