Darbhanga News: बेनीपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राहुल कुमार ने शुक्रवार को विभिन्न पंचायतों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जरिसो पंचायत कार्यालय बंद मिला और मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ था. कार्यालय बंद मिलने पर बीडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यपालक सहायक से स्पष्टीकरण तलब किया.
Benipur News: पंचायत कार्यालय बंद मिलने पर जताई नाराजगी
बीडीओ राहुल कुमार ने कहा कि पंचायत कार्यालय आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र है. ऐसे में कार्यालय का बंद रहना गंभीर लापरवाही है. उन्होंने सभी कार्यपालक सहायकों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से समय पर पंचायत कार्यालय में उपस्थित रहकर आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें.
प्रधानमंत्री आवास योजना का किया सत्यापन
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने माधोपुर और हावीभौआर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के निर्माणाधीन मकानों का भौतिक सत्यापन भी किया. उन्होंने लाभुकों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और समय पर आवास निर्माण पूरा करने की सलाह दी.
लाभुकों को दिए आवश्यक निर्देश
बीडीओ ने कहा कि जो लाभुक निर्माण कार्य में पीछे हैं, वे जल्द से जल्द कार्य पूरा करें ताकि दूसरी किस्त का भुगतान समय पर किया जा सके. उन्होंने संबंधित कर्मियों को भी योजनाओं की नियमित निगरानी करने और लाभुकों को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें: बारिश के बाद धान के बिचड़ों की बुआई में आई तेजी, कमतौल में खाद छिड़काव में जुटे किसान
