Darbhanga News: तारडीह. कुर्सों-मछैता स्थित बुनियादी विद्यालय में रविवार को राजग कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन जदयू जिलाध्यक्ष ईश्वर मंडल की अध्यक्षता में हुआ. संचालन भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान ने किया. उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नीतिन नवीन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. मौके पर मंत्री नीतीन नवीन ने कहा कि एनडीए की सरकार में चंहुमुखी विकास की धारा बह रही है. केंद्र में नरेंद्र मोदी व बिहार में नीतीश कुमार की सरकार जाति, धर्म से ऊपर उठकर सबके लिए काम कर रही है. सड़क, रेल, बिजली, मेट्रो, एम्स, एयरपोर्ट जैसी सुविधा हो या महिलाओं, युवाओं, बेरोजगारों के लिए आर्थिक लाभ से जुड़ी, सरकार विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कर रही है. काम के आधार पर वोट मांगने का अधिकार अगर किसी को है तो इसका हक एनडीए को बनता है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिजली बिल माफ किया, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि में वृद्धि की, रोजगार के अवसर आदि काम कर जनता के लिए कई लाभकारी योजनाएं चलायी है. वहीं सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार बनना तय है. कोई ऐसा क्षेत्र नहीं, जहां विकास की धारा नहीं बही हो. मिथिला में रेल का जाल, अमृत भारत, नमो भारत जैसे ट्रेन हो या मृत स्टेशन योजना, स्टेशन का कायाकल्प किया गया है. सकरी-झंझारपुर-जोगबनी तक रेल संपर्क, एयरपोर्ट जैसी सुविधा इसी एनडीए सरकार में हुई है. बिहार की नीतिश कुमार की सरकार ने केंद्र सरकार के साथ मिलकर महागठबंधन सरकार द्वारा उपेक्षित किए गए कार्य को प्राथमिकता में लेकर कार्य किया है. लोजपा नेता प्रदीप कुमार ठाकुर ने कहा कि एनडीए की चट्टानी एकता को कोई तोड़ नहीं सकता है. बिहार के सभी सीटों पर एनडीए समर्थित पार्टी की जीत तय है. हम के अशोक कुमार ने कहा कि सीट चाहे किसी की हो, बिहार की सभी सीटों पर एनडीए की जीत होगी. इस दौरान पूर्वी जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह पप्पू ने मंत्री नीतीन नवीन को मखाना का माला, पाग-चादर तथा पुष्प गुच्छ से सम्मानित किया. सम्मेलन को जदयू के पूर्व प्रदेश महासचिव राजकुमार झा, भाजपा जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह पप्पू, जदयू के नीतीश प्रभाकर, जदयू जिलाध्यक्ष ललिता झा, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम झा, प्रखंड जदयू अध्यक्ष विनोद कुमार चौधरी, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष उगन यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष चंदन झा, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुस्लिम आजाद, भाजपा मंडल अध्यक्ष लाल मुखिया, संस्कृत शिक्षा बोर्ड के सदस्य अरुण झा, राज्य धार्मिक न्यास परिषद सदस्य रामबहादुर सिंह, विधानसभा प्रभारी श्यामसुंदर विश्वकर्मा, केदार भंडारी आदि ने संबोधित किया. मौके पर कृष्ण मोहन दास ब्रह्मचारी बौआ भगवान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य माधव झा आजाद, संजय चौधरी, लालकांत झा आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
