Darbhanga News: नगर निगम में कार्यरत कर्मचारी गुरुवार से अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे. हड़ताल की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम संयुक्त मोर्चा के बैनर तले निगम कर्मियों ने मशाल जुलूस निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया और नारेबाजी की.
मशाल जुलूस निकालकर जताया विरोध
मशाल जुलूस नगर निगम कार्यालय से शुरू होकर जेपी चौक, खनका चौक, मिर्जापुर होते हुए दरभंगा टावर चौक तक निकाला गया. प्रदेश महासंघ के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व संयुक्त मोर्चा के संयोजक विश्वास कुमार ने किया. जुलूस में पप्पू महतो, मुन्ना राम, कुलदीप कुमार, बप्पी राम, मिथुन राम, शंकर राम बिहारी, मो. शहजादे, जगमोहन राय सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए.
शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ सकता है असर
हड़ताल के कारण शहर में साफ-सफाई, कचरा उठाव, पशुओं के शवों का निष्पादन तथा नगर निगम से जुड़ी अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है. कचरा उठाव बाधित होने और जलजमाव की स्थिति बनने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
निगम प्रशासन ने किया वैकल्पिक व्यवस्था का दावा
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि हड़ताल के दौरान आउटसोर्स मानव बल और कुछ स्थायी सफाई कर्मियों की सहायता से सफाई व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की गई है, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो.
ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में दैनिक वेतनभोगी, संविदा एवं अस्थायी कर्मियों की सेवाओं का नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करना, ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर सभी कर्मियों को निकाय कर्मचारी का दर्जा देना तथा समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत के तहत सीधे बैंक खाते में भुगतान सुनिश्चित करना शामिल है. इसके अलावा राज्य सरकार के अन्य कर्मचारियों की तरह एसीपी और एमएसीपी का लाभ तथा लंबित बकाया राशि का शीघ्र भुगतान भी उनकी मांगों में शामिल है.
