Alinagar News: प्रखंड के मोहिउद्दीनपुर पकड़ी पंचायत में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन 31 जुलाई को बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश करेंगे. उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं.
अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा
उद्घाटन समारोह की तैयारियों की निगरानी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ललित कुमार मिश्रा, बीपीआरओ दीपिका झा, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता कर रहे हैं. स्थानीय जनप्रतिनिधियों में मुखिया प्रतिनिधि जुबेर आलम, प्रमुख प्रतिनिधि राजीव कुमार यादव तथा उप प्रमुख प्रतिनिधि मो. कमाल भी तैयारियों में जुटे रहे.
पहुंच पथ और परिसर को बनाया जा रहा मोटरेबल
पंचायत सरकार भवन राज्य राजमार्ग (एसएच-88) के निकट स्थित है, लेकिन भवन तक जाने वाला पहुंच पथ अभी पक्का नहीं है और न ही उस पर खरंजा बिछाया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले मनरेगा योजना से मिट्टी भराई कराई गई थी, जो बारिश के कारण कीचड़युक्त हो गई है.
उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए भवन परिसर और पहुंच पथ पर रोड़ा डालकर उसे मोटरेबल बनाने का कार्य कराया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो.
