दरभंगा: बहेड़ा थाना पुलिस ने गुरुवार की रात धरौड़ा चौक के समीप सकरी जाने वाली सड़क के मोड़ पर आसाम नंबर के एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. पुलिस ने मौके से ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया.
थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक संख्या एएस 01एचसी 3431 से शराब की खेप लाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस गश्ती दल को सक्रिय किया गया. पुलिस ने सिविल ड्रेस में भी निगरानी शुरू कर दी.
तलाशी में 201 कार्टन शराब बरामद
ट्रक के पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोककर चालक से पूछताछ की. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ट्रक की तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान ट्रक से 201 कार्टन में कुल 1771.920 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.
बरामद शराब में 750 एमएल के दो कार्टन, 375 एमएल के 96 कार्टन तथा 180 एमएल के 103 कार्टन शामिल हैं.
चालक और खलासी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चालक की पहचान समस्तीपुर के उजियारपुर निवासी पप्पू कुमार के रूप में हुई है. वहीं, खलासी मुजफ्फरपुर के हरसिंहपुर लोचन निवासी संजय मांझी है.
पुलिस ने ट्रक मालिक, चालक और खलासी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
यह भी पढ़ें
सिमरिया से गंगा स्नान कर लौट रहे दंपति की ट्रक की चपेट में आने से मौत
