Jale Crime News: जाले थाना क्षेत्र के कछुआ गांव के मिसर टोला में चाय दुकानदार के साथ मारपीट, दुकान में तोड़फोड़ और रुपये छीनने का मामला सामने आया है. कछुआ मिसर टोला वार्ड-10 निवासी अनिल झा ने थाना में आवेदन देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
दुकान खोलने पहुंचे थे दुकानदार, तभी हुआ विवाद
आवेदन के अनुसार, 28 जुलाई की सुबह करीब 5.30 बजे अनिल झा गांव में आइटीआइ कॉलेज के पास स्थित अपनी चाय दुकान खोलने पहुंचे थे. इसी दौरान कछुआ मिसर टोला वार्ड-11 निवासी विक्की यादव वहां पहुंचा. आरोप है कि विक्की यादव नशे की हालत में था और दुकान खोलने को लेकर गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर उसने लोहे की रॉड से अनिल झा पर हमला कर दिया.
रॉड से हमले में हाथ-पैर टूटने का आरोप
पीड़ित के अनुसार, रॉड से किये गये हमले में उनका हाथ और पैर टूट गया. आरोपित ने दुकान में भी तोड़फोड़ की. दुकान में रखा दूध फेंक दिया गया और अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हमलावर ने दुकान के गल्ले से करीब 700 रुपये भी निकाल लिये.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़ित ने घटना को हत्या का प्रयास बताते हुए मामले की जांच और आरोपित के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें
Darbhanga AIIMS: निर्माण में देरी के खिलाफ नागरिक समाज का बड़ा फैसला, 2 अक्टूबर को सामूहिक उपवास
