Jale Murder Case: थाना क्षेत्र के कतरौल-वसंत पंचायत के वार्ड पांच स्थित बसंत गांव में घर में अकेली रह रही 70 वर्षीया महिला पवित्री देवी की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी. मृतका स्व. जीवछ राय की पत्नी थी. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गयी. वृद्धा की हत्या किसने और किस वजह से की, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है.
बताया जाता है कि पवित्री देवी अपने घर में अकेली रहती थीं. उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं. दोनों पुत्र रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं, जबकि पुत्री की शादी औराई थाना क्षेत्र में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुत्री अपने पति के साथ बसंत गांव पहुंची. घर में वृद्धा का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला के पेट और सीने के आसपास चाकू से वार किये जाने के निशान मिले हैं. घटना की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष दीपशिखा कुमारी एवं शिवजी कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाये वैज्ञानिक साक्ष्य
पुलिस ने घर और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की. मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने मौके से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाये, ताकि हत्या से जुड़े सुरागों का पता लगाया जा सके.
पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल आरोपितों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया शव
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के कारणों और घटना में शामिल आरोपितों की पहचान के लिए जांच चल रही है. पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है.
जांच पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है. इधर, ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र हत्याकांड का उद्भेदन कर आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें
Makhana Farming: जाले में 50 किसानों को उत्पादन और प्रसंस्करण की वैज्ञानिक तकनीक का प्रशिक्षण
