दरभंगा: जाले थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने 16 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के लापता होने को लेकर थाना में आवेदन दिया है. महिला ने पुत्र को बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
7 सितंबर को स्कूल जाने की बात कहकर निकला था
आवेदन के अनुसार, अमित कुमार सात सितंबर को माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने जाने की बात कहकर घर से निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा.
किशोर के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
मां ने लड़की पर प्रलोभन देकर ले जाने का लगाया आरोप
महिला का आरोप है कि पूछताछ के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि एक लड़की उसके पुत्र को प्रलोभन देकर अपने साथ ले गयी है. साथ ही, महिला ने धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास की आशंका भी जतायी है.
हालांकि, ये आरोप आवेदन में महिला की ओर से लगाये गये हैं. मामले में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस से नाबालिग को जल्द बरामद करने की मांग
महिला ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने, अपने नाबालिग पुत्र को शीघ्र बरामद करने और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें
हायाघाट में जमीन के विशेष सर्वे ने पकड़ी रफ्तार, खेतों में पहुंचकर प्लॉट का हो रहा सत्यापन
