Bihar School Timing: शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों के संचालन समय में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए शनिवार को सभी सरकारी विद्यालयों में हाफ डे लागू करने का आदेश जारी किया है. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार सोमवार से शुक्रवार तक विद्यालय पूर्व निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि शनिवार को विद्यालय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही खुलेंगे.
कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों के लिए यह रहेगा कार्यक्रम
आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए शनिवार को दोपहर 12 बजे तक शैक्षणिक एवं पूर्व निर्धारित गतिविधियां संचालित होंगी. इसके बाद 12:00 बजे से 12:40 बजे तक मध्याह्न भोजन कराया जाएगा. भोजन के बाद विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी जाएगी.
माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों पर भी लागू
माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भी शनिवार को दोपहर 1:00 बजे तक शिक्षण कार्य और अन्य निर्धारित गतिविधियां संचालित होंगी. इसके बाद विद्यार्थियों को घर भेज दिया जाएगा.
छुट्टी के बाद शिक्षक करेंगे यह कार्य
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की छुट्टी के बाद शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय में रहकर अगले दिन और आगामी सप्ताह की पाठ योजना तैयार करेंगे. इसके अलावा मूल्यांकन कार्य, शिक्षक डायरी का अद्यतन, गृहकार्य की जांच, प्रयोगशाला प्रबंधन, रिमेडियल कक्षाएं तथा अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य भी संपादित करेंगे. इन कार्यों के पूरा होने के बाद ही शिक्षकों को विद्यालय से प्रस्थान करने की अनुमति होगी.
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश
शिक्षा विभाग की ओर से 6 अगस्त को जारी यह आदेश सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति के बाद तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. लंबे समय से शनिवार को हाफ डे की मांग कर रहे शिक्षकों के लिए इसे बड़ी राहत माना जा रहा है.
