Pistol Reels on Social Media: सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ फोटो और वीडियो वायरल करना बहेड़ा थाना क्षेत्र के चार युवकों को भारी पड़ गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बेनीपुर एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने बताया कि मंगलवार को पिस्टल के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई.
यह भी पढ़ें... मिथिला के मखाना का बड़ा जलवा, अब Delhi AIIMS की ऑफिशियल Diet Sheet में मिली जगह
एक वीडियो वायरल होने से खुलती गई कड़ियां
एसडीपीओ के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच और सत्यापन के बाद उसमें दिख रहे युवक की पहचान जयंती गांव निवासी काली मुखिया के 19 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार मुखिया के रूप में की गई. पुलिस ने जब नीतीश को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने बताया कि वीडियो में दिख रहा हथियार उसके दोस्त किशोर (बदला हुआ नाम, अलीनगर थाना क्षेत्र के धमसाईन निवासी) का है. इसके बाद पुलिस ने उक्त नाबालिग को भी अभिरक्षा में ले लिया. पूछताछ में नाबालिग ने खुलासा किया कि वह हथियार घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर निवासी विजय सहनी के पास है.
भागने की कोशिश कर रहा मुख्य आरोपी हथियार के साथ दबोचा गया
पुलिस ने जब विजय सहनी को गिरफ्तार किया, तो उसने एक और राज खोला कि उसने वह पिस्टल हरसिंहपुर निवासी सोनू कुमार सहनी को सौंप दी है. इस गुप्त सूचना के आधार पर बहेड़ा पुलिस ने धेरुक गुमटी के पास घेराबंदी की. पुलिस को देख बुलेट मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास कर रहे सोनू कुमार सहनी को जवानों ने खदेड़कर दबोच लिया. तलाशी के दौरान सोनू के पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया गया.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर से लापता युवक का पटना में मिला लोकेशन, परिजनों में बढ़ी अनहोनी की आशंका
मोबाइल से मिले कई आपत्तिजनक साक्ष्य
एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपित आपस में गहरे मित्र हैं. उनके मोबाइल की सघन जांच करने पर पिस्टल के साथ खींची गई कई अन्य तस्वीरें और वीडियो भी मिले हैं. इस सफल छापेमारी दल में बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने आरोपियों की बुलेट बाइक भी जब्त कर ली है.
