Darbhanga News: जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत निमैठी गांव निवासी संजीव कुमार सिंह के ऊपर हुई गोलीबारी के हाई-प्रोफाइल मामले का बेनीपुर एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने सफल उद्भेदन करने का दावा किया है. बहेड़ी थाना परिसर में मंगलवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए एसडीपीओ ने बताया कि इस कांड में शामिल चार आरोपियों—मो आसिफ, अनमोल कुमार, सोलित मंडल और मानस कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है.
चन्दनपट्टी से लौटने के दौरान अपराधियों ने मारी थी दो गोली
घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने बताया कि पीड़ित संजीव कुमार सिंह जब चन्दनपट्टी से निमैठी की ओर लौट रहे थे, उसी दौरान ददरबारा और निमैठी चौक के बीच चौधरी मोटर्स के समीप बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर अंधाधुंध गोली चला दी थी और मौके से फरार हो गए थे. इस सनसनीखेज वारदात में संजीव कुमार सिंह को दो गोलियां लगी थीं, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
12 दिनों की लगातार छापेमारी के बाद मिली सफलता
वारदात के तुरंत बाद पुलिस कप्तान के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था, जो लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी और तकनीकी जांच में जुटी हुई थी. घटना के करीब 12 दिनों बाद गठित विशेष टीम को अपराधियों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल हुई. एसडीपीओ ने बताया कि घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिलें और 5 मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं.
विशेष पुलिस टीम में यह अधिकारी रहे शामिल
इस सफल उद्भेदन टीम में बहेड़ी के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सूरज कुमार गुप्ता, डीआईयू (DIU) प्रभारी अमृत कुमार, मामले के अनुसंधानकर्ता अमित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार सहित तकनीकी शाखा के पुलिस कर्मी और अन्य आरक्षी शामिल थे. पुलिस अधिकारियों की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई की स्थानीय ग्रामीणों ने भी सराहना की है.
यह भी पढ़ें: दरभंगा में LNMU की पीजी छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने खारिज की खुदकुशी की बात
