लक्ष्मेश्वर पब्लिक लाइब्रेरी परिसर में सज गई फूलों की बगिया

लक्ष्मेश्वर पब्लिक लाइब्रेरी में फूलों की बगिया सज गयी. एक जनवरी की रात आठ बजे तक लोग इसका आनंद उठा सकेंगे.

दरभंगा. लक्ष्मेश्वर पब्लिक लाइब्रेरी में फूलों की बगिया सज गयी. एक जनवरी की रात आठ बजे तक लोग इसका आनंद उठा सकेंगे. दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी को शनिवार को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है. प्रदर्शनी शुभारंभ गणेश वंदना, शंखनाद, स्वस्तिवाचन तथा डीआइजी डॉ स्वप्ना मेश्राम गौतम के दीप प्रज्जवलन से हुआ. मुख्य अतिथि के रूप में पधारी डीआइजी ने विभिन्न स्टॉल का मुआयना की. कही कि प्रदर्शनी का आयोजन प्रकृति प्रेम के प्रति जन जागृति का अनूठा तरीका है. ऐसे आयोजन से न सिर्फ आंखों को सुकून मिलता है, बल्कि प्रकृति का संरक्षित और पोषण किया जा सकता है.

अपने घर में पौधे लगायें लोग

अतिविशिष्ट अतिथि नगर विधायक सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि यह प्रदर्शनी पूरे देश में अलग स्थान रखती है. यह अपने आप में इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से पर्यावरण की सुरक्षा, संरक्षा की प्रेरणा मिलती है. कहा कि सभी लोगों को अपने घर में पौधे लगाने चाहिए. पर्यावरण के क्षेत्र में योगदान देना चाहिए. उत्तरी बिहार उद्यान समिति की अध्यक्ष लता खेतान ने कहा कि संस्था प्रकृति प्रेम, हरियाली, जल संरक्षण, भूमि की उर्वरा शक्ति के पोषण आदि को लेकर कार्यक्रमों के माध्यम से जागृति का काम करती रही है. महासचिव राघवेन्द्र कुमार ने कहा संस्था के उद्देश्यों को पूरा करने में हम तत्पर हैं.

एक साथ सैकड़ों किस्म के फूलों को देख लोग होते रहे अचंभित

प्रदर्शनी में एक साथ सैंकड़ों किस्म के फूलों को देख लोग अचंभित दिखे. रंग-बिरंगे फूल, कैक्टस आदि का दीदार करने पहुंचे लोग फूलों की बगिया के बीच खुद को पाकर आनंदित होते रहे. देर शाम तक अपने मोबाइल में इस सुनहरे पलों को लोग कैद करते नजर आए. कार्यक्रम के दौरान मंच पर डॉ विनोद कुमार मिश्रा, शिव भगवान गुप्ता, विनोद पंसारी, डॉ राम बाबू खेतान, मुकेश खेतान, नीरज खेरिया, मनोज डोकानिया, प्रकाश रंजन सिंह, संजय सिन्हा, राजकुमार पासवान आदि उपस्थित रहे. संचालन तरुण मिश्रा तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ प्रतिमा आनंद ने किया. एक जनवरी की सुबह 11 बजे प्रतियोगिताओं के विजेताओं के बीच पारितोषिक वितरण किया जायेगा. पूर्व सचिव विनोद सरावगी ने बताया कि प्रदर्शनी में खासकर बोनसाई और कैक्टस की विभिन्न प्रजातियां लोगों को खासा आकर्षित कर रही है.

डॉ रामबाबू खेतान को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

प्लांटमेन ऑफ दरभंगा के नाम से प्रसिद्ध चिकित्सक, पुष्प प्रेमी सह नॉर्थ बिहार हॉर्टिकल्चर समिति के सरंक्षक डॉ रामबाबू खेतान को संजय सरावगी ने लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया. दरभंगा में तालाब संरक्षण से जुड़े मो. तसीम नबाब को सम्मानित किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >