दरभंगा: डीएमसीएच में थायराइड सहित अन्य हार्मोनल जांच ठप, मरीज व परिजन परेशान

डीएमसीएच में मशीन खराब होने के कारण पिछले एक सप्ताह से थायराइड और अन्य हार्मोनल जांच बंद है. मरीजों को निजी लैब में महंगी जांच कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

Darbhanga DMCH News: दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में थायराइड और विभिन्न हार्मोनल जांच पिछले करीब एक सप्ताह से पूरी तरह बंद है. मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण मरीजों को बिना जांच कराए वापस लौटना पड़ रहा है. इससे दूरदराज से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी काफी बढ़ गई है.

फरवरी से आ रही थी मशीन में समस्या

जानकारी के अनुसार अस्पताल में थायराइड, हार्मोनल प्रोफाइल और अन्य महत्वपूर्ण जांचों के लिए लगी मशीन फरवरी माह से ही बार-बार खराब हो रही थी. बीच-बीच में अस्थायी रूप से मशीन चालू की जाती रही, लेकिन पिछले एक सप्ताह से जांच सेवा पूरी तरह ठप है.

इसके कारण मरीजों को निजी लैब में महंगे दरों पर जांच करानी पड़ रही है. आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो गई है.

प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज होते थे लाभान्वित

अस्पताल सूत्रों के अनुसार सामान्य दिनों में प्रतिदिन 100 से अधिक मरीजों की थायराइड और अन्य हार्मोनल जांच की जाती थी. इनमें महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रहती है.

मरीजों का कहना है कि डॉक्टर जांच लिख रहे हैं, लेकिन लैब पहुंचने पर मशीन खराब होने की जानकारी देकर वापस भेज दिया जा रहा है. कई मरीज आर्थिक तंगी के कारण बाहर जांच नहीं करा पा रहे हैं, जिससे उनका इलाज प्रभावित हो रहा है.

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

परिजनों का कहना है कि उत्तर बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में आवश्यक जांच मशीनों का लंबे समय तक खराब रहना चिंता का विषय है. मशीन की तकनीकी खराबी की जानकारी पहले ही संबंधित विभाग और अस्पताल प्रशासन को दी जा चुकी थी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

क्या कहते हैं अधिकारी

डीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि मशीन को जल्द ठीक कराने की प्रक्रिया चल रही है. इसके लिए तकनीशियनों को लगाया गया है. उन्होंने कहा कि यदि मशीन ठीक नहीं हो पाती है तो नई मशीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >