आरओबी निर्माण में देरी पर डीएम सख्त, एजेंसियों को तय समय में काम पूरा करने का निर्देश

दरभंगा में निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सभी एजेंसियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समय में काम पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है।

Darbhanga ROB: जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को समाहरणालय में निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की. बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने सभी कार्यकारी एजेंसियों, अभियंताओं और संवेदकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.

चार प्रमुख आरओबी परियोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में एलसी-18 पंडासराय गुमटी, एलसी-21 चट्टी चौक, कंगवा गुमटी और दिल्ली मोड़ आरओबी परियोजनाओं की प्रगति, भू-अर्जन, अतिक्रमण, रेलवे समन्वय और लंबित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई.

पंडासराय और चट्टी चौक परियोजना पर विशेष जोर

डीएम ने पंडासराय गुमटी आरओबी के रेलवे हिस्से का निर्माण शुरू करने से पहले एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच रोड और गेट लॉस्ट का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए. साथ ही सर्विस रोड को हर हाल में मोटरेबल बनाए रखने को कहा.

चट्टी चौक आरओबी के संबंध में उन्होंने भू-अर्जन, अतिक्रमण और अन्य प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल समाधान करने के साथ सुपर स्ट्रक्चर, नाला निर्माण और टेस्ट पाइल का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने का निर्देश दिया.

दिल्ली मोड़ और कंगवा गुमटी परियोजना में तेजी लाने का निर्देश

दिल्ली मोड़ आरओबी परियोजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने एलसी डायवर्सन के लिए एप्रोच सड़क और नाला निर्माण तत्काल शुरू करने, पुराने रेलवे पुल को तोड़ने के कार्य में अतिरिक्त मानव बल लगाने तथा आरई पैनलों की उपलब्धता सुनिश्चित कर निर्माण कार्य तेज करने को कहा.

इसके अलावा दोनार गुमटी और पंडासराय गुमटी के समीप सड़कों को जल्द मोटरेबल बनाने का भी निर्देश दिया. कंगवा गुमटी आरओबी के लिए रेलवे से शेष स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त कर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया.

अतिक्रमण हटाने और नाला निर्माण पूरा करने का निर्देश

डीएम ने सभी एजेंसियों को कार्यस्थलों पर पर्याप्त मानव संसाधन तैनात करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

उन्होंने चट्टी चौक स्थित एसबीआई बैंक के समीप नाला निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूरा करने तथा अतिक्रमण से प्रभावित परियोजनाओं में तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर एसडीओ कुमार गौरव, डीसीएलआर संजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: पीएम सूर्य घर योजना में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने अधिकारियों को दिया 100 उपभोक्ता जोड़ने का लक्ष्य


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >