Darbhanga News: दरभंगा स्टेशन रोड दुकानदार संघ ने नगर निगम की मेयर अंजुम आरा और डिप्टी मेयर नजिया हसन को सम्मानित किया. इस दौरान मेयर अंजुम आरा ने पूर्व पार्षद डब्बू खान के साथ संघ कार्यालय पहुंचकर एलिवेटेड रोड निर्माण से प्रभावित दुकानदारों की समस्याएं सुनीं.
पुनर्वास का दिया आश्वासन
मेयर अंजुम आरा ने प्रभावित दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि उनके पुनर्वास के लिए वैकल्पिक और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने हराही तालाब, भिंडा और अधिग्रहित भूमि का भी निरीक्षण कर संभावित पुनर्वास व्यवस्था का जायजा लिया.
बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाने की मांग
दूसरी ओर, दुकानदार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी मेयर नजिया हसन से मुलाकात कर 16 जुलाई को प्रस्तावित नगर निगम बोर्ड की बैठक में विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास संबंधी प्रस्ताव पारित कराने की मांग की.
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि एलिवेटेड रोड परियोजना से प्रभावित दुकानदारों के लिए स्थायी समाधान जरूरी है.
12 जुलाई को होगा सम्मान समारोह
स्टेशन रोड दुकानदार संघ ने बताया कि 12 जुलाई को सितायन होटल में पार्षदों और दुकानदारों के हित में कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया जाएगा.
