दरभंगा: शरारती तत्वों ने सोमवार की रात ऐसी करतूत कर दी कि मंगलवार सुबह विद्यालय पहुंचे शिक्षक परेशान हो गये. बलहा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के सभी 13 कमरों, रसोइघर, कार्यालय और एचएम कक्ष के तालों में एमसिल भर दिया गया. इससे विद्यालय का एक भी कमरा नहीं खुल सका. वहीं परिसर के उत्तरी हिस्से में स्थित भवन की दीवार तोड़कर सैकड़ों ईंटें भी उठा ले जाने की बात सामने आयी है.
अर्धवार्षिक मूल्यांकन शुरू होने के दिन बढ़ी परेशानी
मंगलवार से ही विद्यालय में अर्धवार्षिक मूल्यांकन शुरू होना था. सुबह शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो सभी कमरों के ताले जाम मिले. काफी प्रयास के बावजूद ताले नहीं खुले. इससे मूल्यांकन और विद्यालय का सामान्य कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन गयी.
मामले की जानकारी प्रधानाध्यापक सुशील कुमार पासवान ने बीइओ राजेश कुमार को दी. बीइओ ने पुलिस को सूचना देने का निर्देश दिया.
पुलिस की मौजूदगी में तुड़वाये गये सभी ताले
सूचना मिलने के बाद केवटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में विद्यालय के सभी कमरों के ताले तुड़वाये गये, जिसके बाद विद्यालय का कामकाज शुरू कराया गया. घटना को लेकर थाना में लिखित शिकायत दी गयी है. वहीं बीइओ को भी आवेदन सौंपा गया है.
चहारदीवारी नहीं होने से असामाजिक तत्वों का प्रवेश
बीइओ ने बताया कि घटना का प्रतिवेदन शिक्षा विभाग को भेजा जायेगा. उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में चहारदीवारी नहीं रहने के कारण असामाजिक तत्व आसानी से प्रवेश कर जाते हैं. इससे पहले भी विद्यालय से टैब चोरी होने की घटना हो चुकी है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा में 20 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम? 16 से 18 सितंबर के बीच बारिश के आसार
