दरभंगा से सूरज कुमार की रिपोर्ट
Darbhanga News: जिले के उभरते हुए कराटे खिलाड़ी प्रेयांश एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. फिलीपींस की राजधानी मनीला में हाल ही में आयोजित ‘कराटे वन यूथ लीग’ में भारत का प्रतिनिधित्व कर लौटे प्रेयांश अब उत्तराखंड के देहरादून के लिए रवाना हो चुके हैं. वहां वे 3 से 7 जून तक आयोजित होने वाली ‘5वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराटे चैंपियनशिप 2026’ में हिस्सा लेंगे. अललपट्टी निवासी व्यवसायी अमर कुमार एवं गृहिणी रीना चौधरी के पुत्र प्रेयांश वर्तमान में ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल में 12वीं के छात्र हैं. वर्ष 2017 से ही कोच मुकेश मिश्रा के मार्गदर्शन में वे कराटे की बारीकियां सीख रहे हैं.
पिछली प्रतियोगिताओं में रहा है शानदार रिकॉर्ड
प्रेयांश का खेल रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. उन्होंने पिछली राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर बिहार का नाम रोशन किया था. इसके अलावा पुणे में आयोजित राष्ट्रीय विद्यालय खेल कराटे चैंपियनशिप (अंडर-17) में भी उन्होंने बिहार के लिए कांस्य पदक जीता था. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के बाद प्रेयांश का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है. देहरादून में देश भर के दिग्गज खिलाड़ी जुटेंगे, लेकिन प्रेयांश की कड़ी तैयारी को देखते हुए इस बार भी पदक की पूरी उम्मीद है. ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अभिषेक गुप्ता और पीटीआई सुनील कुमार यादव ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रेयांश ने पूरे जिले और राज्य का गौरव बढ़ाया है.
