Darbhanga News: दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए सुपरस्पेशलिटी भवन में नेफ्रोलॉजी विभाग को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है. इस नए विभाग के शुरू होने से मिथिलांचल के किडनी रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी. विभाग में प्राथमिक तौर पर चार आधुनिक डायलिसिस मशीनें स्थापित की गई हैं और मरीजों की सुविधा के लिए 10 बेड लगाए गए हैं. अस्पताल प्रशासन की योजना है कि जल्द ही यहां नियमित रूप से डायलिसिस और उपचार की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
मरीजों को भीड़ और इंतजार से मिलेगी राहत
अब तक डीएमसीएच परिसर में मेडिसिन विभाग और पुराने अधीक्षक कार्यालय के समीप ही डायलिसिस की सुविधा मिल रही थी. मरीजों के बढ़ते दबाव और स्थान की कमी के कारण अक्सर किडनी रोगियों को लंबा इंतजार करना पड़ता था. इसी समस्या के समाधान के लिए सुपरस्पेशलिटी भवन में एक समर्पित नेफ्रोलॉजी विभाग की रूपरेखा तैयार की गई. अब डीएमसीएच परिसर में तीन अलग-अलग स्थानों पर डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे भीड़ कम होगी और गंभीर मरीजों को तत्काल इलाज मिल सकेगा.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया विभाग
सुपरस्पेशलिटी भवन में विभाग के शिफ्ट होने से मरीजों को न केवल बेहतर चिकित्सा तकनीक मिलेगी, बल्कि एक साफ-सुथरा और स्वच्छ वातावरण भी उपलब्ध होगा. अस्पताल प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में मरीजों की आवश्यकता और मांग को देखते हुए मशीनों तथा बेड की संख्या में और इजाफा किया जाएगा. इससे न केवल दरभंगा, बल्कि आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा.
दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
