दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपौल-कमला नदी एयरटेल सड़क पर रविवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है.यहा अपने काम पर लौट रहे एक 18 वर्षीय किशोर पर असामाजिक तत्वों ने धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया.इस मामले में बिरौल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य हमलावर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है.
खाना खाकर काम पर लौट रहा था साकिब, रास्ते में घेरा
घटना के संबंध में अफजला टोले खेवा (वार्ड-4) निवासी मो. इम्तियाज ने थाने में लिखित आवेदन दिया है.उन्होंने बताया कि उनका 18 वर्षीय भतीजा मो.साकिब स्थानीय अब्दुल मन्नान के गैरेज में काम करता है.रविवार (31 मई) को दिन के करीब 1:30 बजे वह अपने घर से खाना खाकर वापस गैरेज के लिए निकला था.इसी दौरान कब्रिस्तान वाले रोड पर चूरा मिल से थोड़ा आगे प्रोफेसर साहब के मकान के पास सुपौल पासी टोला निवासी शुभम महतो उर्फ शिवम ने उसे जबरन रोक लिया.
विरोध करने पर पीठ पर किए ताबड़तोड़ वार, हालत खतरे से बाहर
आरोप है कि शुभम साकिब के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने लगा . जब साकिब ने इसका विरोध किया, तो शुभम ने अपने पास रखे धारदार छुरा (चाकू) से साकिब की पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए . इस वारदात के समय आरोपी प्रितमसहनी भी वहाँ मौजूद था . हमले के बाद साकिब लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और काफी खून बह गया . स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया . डॉक्टरों के मुताबिक साकिब की पीठ पर गहरा जख्म है, लेकिन फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है .
परिवार का इकलौता कमाने वाला है पीड़ित, तीनों आरोपी भेजे गए जेल
पीड़ित के चाचा ने बताया कि साकिब के पिता का देहांत पहले ही हो चुका है और वह अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाला सदस्य है.बिरौल के थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों शुभम महतो उर्फ शिवम, प्रीतम सहनी और उनकी निशानदेही पर घटना में संलिप्त सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.ये तीनों सुपौल बाजार के रहने वाले हैं.वारदात में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
