दरभंगा के कमतौल से शिवेंद्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है.कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर पश्चिमी गांव में गुरुवार की देर शाम एक 24 वर्षीय विवाहिता साक्षी कुमारी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना के बाद से ही पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है. मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के अजिया ससुर (पति के दादा) समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रेम विवाह का खूनी अंत, 2 साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, साक्षी कुमारी ने करीब दो वर्ष पूर्व ब्रह्मपुर पश्चिमी गांव के ही शिशिर भारद्वाज से प्रेम विवाह किया था. दोनों ने अपनी मर्जी से साथ जीने-मरने की कसम खाई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही प्रेम का यह रिश्ता दहेज की वेदी पर चढ़ गया. गुरुवार की देर शाम ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से साक्षी की मौत हो गई, जिसके बाद ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार हो गए.
पिता का आरोप: मांगी जा रही थी 20 लाख की नकदी और गाड़ी
घटना के बाद मृतका के पिता नीलेश ठाकुर ने कमतौल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. प्राथमिकी के अनुसार, शादी के बाद से ही साक्षी पर मायके से दहेज के रूप में 20 लाख रुपये नकद और एक स्कॉर्पियो गाड़ी लाने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था. जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो पति शिशिर भारद्वाज, ससुर ललन ठाकुर और दादा जितेंद्र ठाकुर ने एक सोची-समझी साजिश के तहत साक्षी की गोली मारकर हत्या कर दी. इस मामले में एक दर्जन से अधिक नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
घटनास्थल से 5 खोखे बरामद, दो आरोपी भेजे गए जेल
सदर-2 के एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बताया कि पुलिस को घटनास्थल से पांच खाली खोखे बरामद हुए हैं, जो वारदात की क्रूरता को बयां करते हैं.कमतौलथानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक संजीव कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर मृतका के अजिया ससुर जितेंद्र ठाकुर सहित दो आरोपियों को दबोच लिया है. पुलिस ने शुक्रवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप चुकी है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
