Darbhanga Airport: इंटरनेशनल लेवल का बनेगा दरभंगा एअरपोर्ट, केंद्रीय मंत्री से मिले संजय झा, सौंपा ज्ञापन

Darbhanga Airport: जदयू से राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने दरभंगा एयरपोर्ट से आवागमन करने वाले यात्रियों को हो रही परेशानियों को दूर करने तथा इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने और रनवे के विस्तार की आवश्यकता के संबंध में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को विस्तृत ज्ञापन सौंपा.

Darbhanga Airport: जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सासंद संजय कुमार झा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात की. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘दरभंगा एयरपोर्ट को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाना है. आज नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर उन्हें दरभंगा एयरपोर्ट से आवागमन करने वाले यात्रियों को हो रही परेशानियों को दूर करने तथा इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने और रनवे के विस्तार की आवश्यकता के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा. उन्होंने इस अनुरोध को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए मेरे सामने ही इंडिगो और अकासा एयरलाइंस के अधिकारियों को फोन कर दरभंगा से दिल्ली, मुंबई, बंगलोर और हैदराबाद के बीच उड़ान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव विभाग को देने के निर्देश दिये. साथ ही कहा कि वे दोनों कंपनियों के लिए टाइम स्लॉट उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेंगे. इसके साथ ही उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव तैयार करें. हमारे अनुरोध को अत्यंत गंभीरता से लेने के लिए माननीय मंत्री जी का सभी मिथिलावासियों की ओर से कोटिश: आभार. साथ ही, आंध्र प्रदेश के व्यंजन का स्वादिष्ट लंच कराने के लिए हृदय से धन्यवाद.’

राज्य सरकार जमीन देने को तैयार

जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने आगे लिखा, ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू उड़ान योजना के तहत बिहार को मिले एयरपोर्ट को माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिथिला के केंद्र दरभंगा को दिया. उन्होंने कई बार दरभंगा एयरपोर्ट का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये. अब उनकी इच्छा है कि दरभंगा एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बने. माननीय सीएम ने स्पष्ट कहा है कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाने के लिए यदि अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता होगी, तो राज्य सरकार उसे भी देने के लिए तैयार है. हमने माननीय केंद्रीय मंत्री को बताया कि दरभंगा उड़ान योजना के तहत एक अत्यंत सफल एयरपोर्ट है, जो प्रतिवर्ष 5 लाख से अधिक यात्रियों को सेवाएं प्रदान कर रहा है. वर्तमान में यहां से स्पाइस जेट एयरलाइंस मुख्य रूप से दरभंगा से दिल्ली, मुंबई, बंगलुरू, हैदराबाद जैसे मार्गों पर अपनी सेवाएं दे रही हैं. लेकिन, इस एयरलाइंस के परिचालन समय में अनिश्चितता और उड़ानों को अचानक रद कर दिये जाने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. यहां से उड़ानों की संख्या कम होने के कारण किराये में भी काफी वृद्धि होती रहती है.’

शीघ्र समाधान जरूरी

संजय कुमार झा ने लिखा, ‘यात्रियों की परेशानियों के मद्देनजर दरभंगा एयरपोर्ट से इंडिगो, अकासा इत्यादि एयरलाइंस को भी महत्वपूर्ण रुटों के लिए सेवाएं प्रदान करने की अनुमति तथा टाइम स्लॉट दिया जाय. साथ ही स्पाइस जेट को जो टाइम स्लॉट दिया गया है, उनमें से जहां की उनकी सेवाएं संतोषजनक नहीं हैं, उस टाइम स्लॉट को भी अन्य एयरलाइंस को उपलब्ध कराया जाय. ऐसे में प्रतिस्पर्धा बढ़ने पर दरभंगा एयरपोर्ट से आवागमन करने वाले यात्रियों को उचित मूल्य पर बेहतर सुविधा मिल पायेगी. आगामी दुर्गापूजा, दशहरा, दिवाली, छठ इत्यादि महापर्व को ध्यान में रखते हुए दरभंगा एयरपोर्ट से आवागमन में यात्रियों को हो रही परेशानियों का शीघ्र समाधान जरूरी है.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘इसी के साथ माननीय मंत्री को बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट पर रनवे का विस्तार करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करना रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण होगा. यह एयरपोर्ट बिहार के 21 जिलों के करोड़ों यात्रियों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है. यह अंतरराष्ट्रीय सीमा से ज्यादा दूर नहीं है. ऐसे में इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने से पूरे उत्तर बिहार के लोगों के लिए विदेश आवागमन सुविधाजनक होगा, अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों और बिजनेस ट्रेवलर्स की संख्या बढ़ेगी. इससे क्षेत्र में व्यापार और निवेश बढ़ाने के राज्य सरकार के प्रयासों को बल मिलेगा. साथ ही, अपनी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के कारण मिथिला अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है. इसे ध्यान में रखते हुए दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के अनुरूप तैयार करने तथा रनवे की लंबाई को 9,000 फीट से बढ़ा कर 12,000 फीट करने की आवश्यकता है, ताकि यहां से बड़े विमानों की अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें. इस कार्य के लिए यदि अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता होगी, तो राज्य सरकार उसे देने के लिए तैयार है. हमें खुशी है कि माननीय मंत्री ने सभी बातों को गौर से सुना और उसके अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों एयरलाइंस तथा विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये.’

इसे भी पढ़ें: Good News: वर्ल्ड क्लास बनेंगे बिहार के तीन और रेलवे स्टेशन, मिलेगी फर्स्ट क्लास सुविधा, ललन सिंह ने दी खुशखबरी

खतियान की समस्या ने बढ़ायी किसानों की मुश्किलें, व्यवस्था ठीक नहीं रहने से नाराजगी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >