Manigachhi News: नेहरा थाना पुलिस ने 23 जुलाई को पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) नेहरा के सीएसपी संचालक की डिक्की से हुई नकदी चोरी के मामले का उद्भेदन करते हुए चोरी गई राशि में से ₹1.10 लाख बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपितों की पहचान कर ली गई है, जबकि उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से हुई पहचान
एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कटिहार जिले के रौतरा थाना क्षेत्र निवासी रंजीत यादव और अमन कुमार की कथित संलिप्तता का पता लगाया.
छापेमारी में नहीं मिले आरोपित, घर से बरामद हुई राशि
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन वे घर पर नहीं मिले. हालांकि, विधिवत तलाशी के दौरान एक आरोपित के गोदरेज से चोरी गई राशि में से ₹1.10 लाख बरामद किए गए. छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष मोती कुमार, एसआई निलेश कुमार, एएसआई रविशंकर कुमार तथा सिपाही दीपक कुमार शामिल थे.
होटल में खाना खाने के दौरान हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को सीएसपी संचालक हेमंत कुमार राय पीएनबी शाखा नेहरा से नकदी निकालकर अपने हावीभौआर स्थित सीएसपी केंद्र जा रहे थे. रास्ते में लुल्लवा चौक के पास एक होटल के सामने बाइक खड़ी कर भोजन करने गए. इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक की डिक्की खोलकर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली थी.
मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
