Darbhanga News: बाल अधिकारों की रक्षा और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम को लेकर गुरुवार को कमतौल थाना परिसर में जागरूकता कार्यशाला एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने की. इसमें सेंटर डायरेक्ट के कवच प्रोजेक्ट की प्रखंड समन्वयक निशा कुमारी ने बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी.
बाल संरक्षण कानूनों की दी जानकारी
कार्यशाला में मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह और बंधुआ मजदूरी उन्मूलन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. निशा कुमारी ने बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों को सुरक्षित और सम्मानजनक बचपन उपलब्ध कराना पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि बाल संरक्षण से जुड़े किसी भी मामले की जानकारी तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
पुलिसकर्मियों को दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल श्रम, बाल तस्करी, बाल विवाह तथा बच्चों के हर प्रकार के शोषण का विरोध करने, पीड़ित बच्चों को संरक्षण दिलाने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की शपथ दिलाई गई.
इस अवसर पर एसआई राहुल कुमारी, एसआई अभिलाषा कुमारी, एसआई सुभाष प्रसाद, एसआई जयप्रकाश साह, पीएसआई मुन्ना कुमार, पीएसआई पुष्पराज भारती, पीएसआई धर्मेंद्र कुमार, पुलिस दीदी राखी कुमारी, महिला सिपाही रीना कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी, चौकीदार एवं आम लोग उपस्थित रहे.
