Darbhanga News: बहेड़ी थाना क्षेत्र के सिमरा गांव के पास कमला नदी में बुधवार को 22 वर्षीय युवक का शव उपलाता मिला. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के मनोर-भौराम पंचायत निवासी राजा राम यादव के पुत्र विक्रम यादव के रूप में हुई है. विक्रम पिछले तीन दिनों से लापता था. परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जतायी है.
तीन दिनों से घर से लापता था युवक
परिजनों के अनुसार विक्रम मानसिक रूप से कमजोर था. वह अक्सर गांव और आसपास के इलाकों में घूमता रहता था, लेकिन शाम या रात तक घर लौट आता था. पूजा-पाठ, भोज या अन्य सामाजिक आयोजनों में भी वह चला जाता था.
तीन दिनों से घर नहीं लौटने पर परिजन रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उसकी तलाश कर रहे थे. हालांकि, इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गयी थी.
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने से मिली जानकारी
ग्रामीण संजय कुमार के अनुसार किसी व्यक्ति ने कमला नदी में शव उपलाता देखकर उसका फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. फोटो वायरल होने के बाद परिजनों को विक्रम के नदी में होने की आशंका हुई.
इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. घटनास्थल उनके घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर था. नदी किनारे पहुंचने पर उन्होंने शव की पहचान विक्रम यादव के रूप में की. शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर बहेड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
बड़े भाई ने जतायी हत्या की आशंका
मृतक के बड़े भाई बलराम यादव ने विक्रम की हत्या की आशंका जतायी है. उन्होंने कहा कि विक्रम सीधा-सादा युवक था और उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी. इसके बावजूद जिस परिस्थिति में उसका शव मिला है, उससे हत्या की आशंका प्रतीत हो रही है.
पुलिस फिलहाल मौत के कारणों की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई. बताया गया कि विक्रम दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था.
यह भी पढ़ें
Samastipur Weather: 26 से 30 अगस्त तक बारिश का पूर्वानुमान, उत्तर बिहार में फिर सक्रिय होगा मानसून
